CG News: राजनांदगांव में ई-रिक्शा की सवारी करते दिखे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह
CG News: छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का एक अलग अंदाज राजनांदगांव में देखने को मिला, श्रमिक सम्मान सम्मेलन के बाद वह ई-रिक्शा में सवार होकर शहर की ओर निकले, इस दौरान उन्होंने रास्ते में लोगों से मुलाकात की और बातचीत भी की, उनका यह अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया.

कार्यक्रम के बाद पहुंचे जनता के बीच
राजनांदगांव के पद्मश्री गोविंद राम निर्मलकर ऑडिटोरियम में श्रम कल्याण विभाग की ओर से श्रमिक सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया गया था, कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे डॉ. रमन सिंह समापन के बाद सीधे ई-रिक्शा में बैठकर लोगों के बीच पहुंचे, इस दौरान उनके साथ सुरक्षा कर्मी भी मौजूद रहे.
औद्योगिक विकास पर दिया बड़ा बयान
सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव तेजी से औद्योगिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है, उन्होंने बताया कि जिले में एक बड़े स्टील प्लांट की स्थापना की तैयारी चल रही है, जिसमें करीब 5 हजार करोड़ से 10 हजार करोड़ रुपये तक के निवेश का प्रस्ताव है.
यूरिया प्लांट और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग की तैयारी
उन्होंने कहा कि गैस आधारित यूरिया प्लांट की घोषणा पहले ही की जा चुकी है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 10 हजार करोड़ रुपये होगी, इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही इस परियोजना पर भी काम शुरू होने की संभावना है.
रोजगार और विकास को मिलेगी नई रफ्तार
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि इन नई औद्योगिक परियोजनाओं के शुरू होने से राजनांदगांव में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, वहीं लोगों को उद्योगों से जुड़ी नई संभावनाओं का लाभ मिलेगा, जिससे जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.




