CG News: सरगुजा में खुलेंगी फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन अकादमी, CM साय ने की बड़ी घोषणा
CG News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए नई खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 के समापन समारोह में फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की अकादमी शुरू करने की घोषणा की. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा के युवाओं में खेल प्रतिभा और मेहनत करने का जज्बा है. सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरस्थ वनांचलों के खिलाड़ियों को भी आधुनिक सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें.

4.16 लाख से ज्यादा खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन
इस बार सरगुजा ओलंपिक में खिलाड़ियों की भागीदारी ने नया आंकड़ा छुआ है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले आयोजन में करीब साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 4 लाख 16 हजार से अधिक हो गई. प्रतियोगिता में बालिकाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही. विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर आयोजित मुकाबलों के जरिए दूरस्थ गांवों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का अभियान है.

खेल सुविधाओं के लिए हर साल 100 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के तहत प्रतिवर्ष 100 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान कर रही है. नवा रायपुर और जशपुर में तीरंदाजी अकादमी, बस्तर में आवासीय खेल अकादमी और वन डिस्ट्रिक्ट वन स्पोर्ट्स योजना के तहत विभिन्न जिलों में प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जा रहे हैं. नवा रायपुर में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी जारी है. उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को प्रशिक्षण से लेकर प्रतिस्पर्धा और रोजगार तक के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है.

ओलंपिक पदक जीतने पर मिलेंगे 3 करोड़ रुपये
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने ओलंपिक में भाग लेने और पदक जीतने पर प्रोत्साहन राशि का प्रावधान किया है. मुख्यमंत्री के अनुसार, ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को 21 लाख रुपये दिए जाएंगे. वहीं स्वर्ण पदक जीतने पर 3 करोड़, रजत पदक पर 2 करोड़ और कांस्य पदक हासिल करने पर 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि निर्धारित की गई है. मुख्यमंत्री ने कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक और राजनांदगांव की ज्ञानेश्वरी यादव के भारोत्तोलन में रजत पदक का उल्लेख करते हुए प्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना की. उन्होंने यह भी बताया कि राज्य खेल अलंकरण से अब तक 1,143 खिलाड़ी लाभान्वित हुए हैं और 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित कर शासकीय सेवा में अवसर देने की पहल की गई है.

तीन दिनों तक 11 खेलों में हुए मुकाबले
खेले बर आगू आहू, सरगुजा के मान बढ़ाहू के संदेश के साथ आयोजित इस प्रतियोगिता में तीन दिनों तक 11 खेल विधाओं के मुकाबले हुए. संभाग के अलग-अलग जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया. समापन समारोह में खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट के जरिए अनुशासन और टीम भावना का परिचय दिया. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया. पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को विकासखंड से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर दे रहा है. छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर और एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया.

सरगुजा की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच
समापन समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित संभाग के कई विधायक, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये अनुशासन, संघर्ष, टीम भावना और चुनौतियों का सामना करना सिखाते हैं. फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन अकादमियों की स्थापना से सरगुजा के खिलाड़ियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षकों और आधुनिक सुविधाओं के साथ अभ्यास का अवसर मिलने की उम्मीद है. अब इन अकादमियों के माध्यम से क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को किस तरह तैयार किया जाता है, यह आने वाले समय में देखने वाली बात होगी.

One Response