CG News: छत्तीसगढ़ में शीतकालीन सत्र में आ सकता है UCC विधेयक, मुख्यमंत्री साय ने किया बड़ा ऐलान
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य में समान नागरिक संहिता, यूसीसी, लागू करने की दिशा में बड़ा संकेत दिया है. ‘इमर्जिंग छत्तीसगढ़’ सम्मेलन में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र में यूसीसी विधेयक पेश करने की तैयारी कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा और समान न्याय सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है.

रोजगार बढ़ाने पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल सरकारी नौकरियों के जरिए सभी युवाओं को रोजगार देना संभव नहीं है. इसलिए नई औद्योगिक नीति में ऐसे प्रावधान किए गए हैं, जिनके तहत स्थानीय युवाओं को अधिक रोजगार देने वाले उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन और रियायतें दी जाएंगी. सरकार का लक्ष्य निजी निवेश बढ़ाकर रोजगार के नए अवसर तैयार करना है.
महिलाओं के लिए कई योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महतारी वंदन योजना सहित कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं. उन्होंने बताया कि महिला स्व-सहायता समूहों को फिर से ‘रेडी टू ईट’ कार्यक्रम से जोड़ा गया है. इसके अलावा करीब 30 लाख महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि 40 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं.
बस्तर में विकास और सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के विकास के लिए ‘बस्तर मुने’ अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत प्रशासनिक अधिकारी गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान कर रहे हैं. वहीं, ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान’ के माध्यम से अब तक लगभग 36 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है.
सिंचाई और सुरक्षा को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री ने बताया कि इंद्रावती नदी पर दो नई सिंचाई परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं, जिनसे करीब 80 हजार परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के सहयोग से बस्तर को सुरक्षित, विकसित और समृद्ध आदिवासी क्षेत्र बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है.

