CG News: राजनांदगांव में बदलेगी ट्रैफिक की तस्वीर, बायपास समेत 3 सड़कें होंगी फोरलेन
CG News: राजनांदगांव में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सड़क निर्माण से जुड़ी योजनाओं पर काम तेज हो गया है. शहर में प्रस्तावित बायपास के साथ दो अन्य प्रमुख सड़कों को फोरलेन बनाने की तैयारी है. इन परियोजनाओं के लिए जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने जिला प्रशासन ने संबंधित गांवों में भूमि अंतरण, बंटवारा, व्यपवर्तन और खरीदी-बिक्री पर रोक लगा दी है. पहले बायपास परियोजना के लिए 6 गांवों में प्रतिबंध लगाया गया था, लेकिन अब 8 नए गांवों को भी इसमें शामिल कर लिया गया है.

400 से 450 मकानों पर असर की आशंका
प्रस्तावित बायपास के शुरुआती रूट सर्वे में करीब 400 से 450 आवासीय मकानों के प्रभावित होने की आशंका सामने आई है. इतनी बड़ी संख्या में मकानों को नुकसान पहुंचने की संभावना को देखते हुए लोक निर्माण विभाग अब वैकल्पिक रूट पर विचार कर रहा है. विभाग की कोशिश है कि बायपास का ऐसा संरेखण तैयार किया जाए, जिससे कम से कम आवासीय मकानों को हटाना पड़े. इससे भूमि अधिग्रहण, मुआवजे और पुनर्वास पर आने वाला खर्च भी कम किया जा सकेगा.
दो अन्य सड़कों का भी होगा चौड़ीकरण
राजनांदगांव के लिए बजट में दो महत्वपूर्ण सड़कों को फोरलेन बनाने का प्रावधान किया गया है. इनमें जीई रोड पर राम दरबार यानी रायपुर नाका से लखोली तक लगभग 2 किलोमीटर लंबा मार्ग शामिल है. वहीं, मठपारा से राजनांदगांव बायपास तक करीब 2.50 किलोमीटर सड़क को भी फोरलेन बनाया जाएगा. दोनों परियोजनाओं के लिए जमीन से जुड़ी प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.

लखोली और नंदई की जमीन पर भी रोक
राम दरबार से लखोली सड़क परियोजना के लिए ग्राम लखोली की जमीन पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव भेजा गया था. इसी तरह मठपारा से बायपास तक सड़क निर्माण के लिए लखोली और नंदई की भूमि को भी इसके दायरे में रखा गया है. प्रस्ताव के आधार पर कलेक्टर ने संबंधित क्षेत्रों में जमीन के अंतरण, बंटवारे, व्यपवर्तन और खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है.
14 गांवों तक पहुंचा प्रतिबंध का दायरा
बायपास निर्माण के लिए पहले मनकी, सुंदरा, पार्टीनाला, गठुला, ढाबा और पेंड्री गांवों में भूमि संबंधी गतिविधियों पर रोक लगाई गई थी. अब लोक निर्माण विभाग के नए प्रस्ताव के बाद बरगाही, अचानकपुर भाठागांव, धरमापुर, भेड़ीकला, बोरी, लिटिया, तोरनकट्टा और बजरंगपुर नवागांव को भी इसमें शामिल किया गया है. इस तरह बायपास परियोजना से जुड़े कुल 14 गांवों में जमीन की खरीदी-बिक्री और अन्य राजस्व गतिविधियों पर प्रतिबंध लागू हो गया है.
25 नवंबर को प्रशासन को भेजा गया प्रस्ताव
लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ने 25 नवंबर को कलेक्टर को पत्र लिखकर बजट में शामिल सड़क परियोजनाओं के लिए आवश्यक राजस्व कार्रवाई करने का प्रस्ताव भेजा था. इसके बाद जिला प्रशासन ने संबंधित जमीनों पर प्रतिबंध लगाने की कार्रवाई की. फिलहाल विभाग बायपास के अंतिम रूट, भूमि अधिग्रहण और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटा है. अंतिम मार्ग निर्धारित होने के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. इन सड़कों के तैयार होने से शहर में ट्रैफिक का दबाव घटने और बाहरी वाहनों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है.


One Response