CG News: छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस पर CM साय ने प्रदेशवासियों से किया खास आह्वान
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा में यहां की मिट्टी की खुशबू, पुरखों के संस्कार और प्रदेश की आत्मीयता समाहित है. यह भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है.

संस्कृति और स्वाभिमान की पहचान है छत्तीसगढ़ी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा प्रदेश के सांस्कृतिक गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है. यहां के लोकगीतों, लोककथाओं, तीज-त्योहारों और पारंपरिक रीति-रिवाजों में इस भाषा की मिठास साफ दिखाई देती है. छत्तीसगढ़ी भाषा पीढ़ियों से हमारी संस्कृति और जीवन मूल्यों को संजोए हुए है और लोगों को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करती है.
नई पीढ़ी को मातृभाषा से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी भाषा का विकास तभी संभव है, जब उसका अधिक से अधिक इस्तेमाल हो और नई पीढ़ी उससे जुड़ाव महसूस करे. उन्होंने मातृभाषा के प्रति गर्व की भावना रखने के साथ ही दैनिक बातचीत, साहित्य, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में छत्तीसगढ़ी के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही.
भाषा के संरक्षण का लिया जाए संकल्प
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजभाषा दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों से अपनी मातृभाषा के सम्मान, संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास और इससे जुड़ी सांस्कृतिक परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है.

