CG News: छत्तीसगढ़ में 1 दिसंबर से BJP का सेवा दूत अभियान, 25 दिन तक विधानसभा में डेरा डालेंगे पुराने नेता
CG News: छत्तीसगढ़ में भाजपा ने विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारियां अभी से तेज कर दी हैं. इसी रणनीति के तहत प्रदेश संगठन एक दिसंबर से सेवा दूत अभियान शुरू करने जा रहा है. इस अभियान में पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री और निगम, मंडल व आयोगों के पूर्व पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. सभी सेवा दूतों को एक-एक विधानसभा क्षेत्र में 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक यानी लगातार 25 दिनों तक प्रवास करना होगा. इस दौरान अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा.

गांव-गांव तक पहुंचेंगी सरकारी योजनाएं
सेवा दूत अभियान का प्रमुख उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना है. इसके तहत विधानसभा क्षेत्रों में कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. भाजपा की कोशिश है कि आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ भी दिलाया जाए. पार्टी इस अभियान को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जनसंपर्क मजबूत करने की बड़ी रणनीति के तौर पर देख रही है.
पुराने दिग्गजों पर संगठन का भरोसा
इस अभियान में पुराने और अनुभवी नेताओं को प्रमुखता दी गई है. दरअसल, भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने अपने पहले दौरे के दौरान पार्टी के वरिष्ठ और पुराने नेताओं के साथ बैठकें की थीं. उन्होंने कई नेताओं से अलग-अलग वन टू वन चर्चा भी की थी. उस समय इन नेताओं को संगठन में नई जिम्मेदारियां देने के संकेत मिले थे. अब सेवा दूत अभियान में उन्हें महत्वपूर्ण भूमिका सौंपकर संगठन ने अपनी रणनीति को आगे बढ़ाया है.
_m.webp)
बड़ी विधानसभाओं में दो सेवा दूत
संगठन की योजना के अनुसार, सामान्य तौर पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक सेवा दूत तैनात किया जाएगा. हालांकि, जिन विधानसभा क्षेत्रों का दायरा बड़ा है और जहां बूथों की संख्या अधिक है, वहां दो सेवा दूतों को जिम्मेदारी दी जा सकती है. यदि किसी विधानसभा में पांच मंडल हैं, तो सेवा दूत को प्रत्येक मंडल में पांच-पांच दिन बिताने होंगे. इस दौरान मंडल स्तर के साथ शक्ति केंद्रों में भी बैठकें आयोजित की जाएंगी.
संगठन की मजबूती के साथ सेवा कार्य
प्रवास के दौरान सेवा दूत केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे. इसके तहत वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान और सरकारी योजनाओं से संबंधित गतिविधियां संचालित की जाएंगी. इसके अलावा आम लोगों को प्रमाणपत्र बनवाने, सरकारी विभागों में आवेदन करने या अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में आने वाली परेशानियों को दूर करने में मदद की जाएगी.
मिशन 2028 के लिए BJP की तैयारी
भाजपा का यह अभियान केवल सरकारी योजनाओं के प्रचार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए पार्टी विधानसभा स्तर पर अपनी संगठनात्मक स्थिति का आकलन भी करेगी. सेवा दूत मंडलों और शक्ति केंद्रों में बैठक करके कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और स्थानीय स्तर पर पार्टी की स्थिति की जानकारी जुटाएंगे. 25 दिनों के इस अभियान के जरिए भाजपा पुराने नेताओं के अनुभव का इस्तेमाल करते हुए जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगी. इसे मिशन 2028 की शुरुआती बड़ी संगठनात्मक तैयारियों में से एक माना जा रहा है.


One Response