CG News: CM साय के निवास में मनाया गया तीजा-पोरा तिहार, लोकगीत और पारंपरिक नृत्य ने बांधा समां
CG News: नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास शनिवार को तीजा-पोरा तिहार के मौके पर छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और पारिवारिक आत्मीयता के रंग में रंगा नजर आया. प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचीं माताओं, बहनों और बेटियों के स्वागत के लिए मुख्यमंत्री निवास को छत्तीसगढ़ी गांव और मायके की थीम पर सजाया गया था. बैलगाड़ी, नंदिया-बइला, पारंपरिक खिलौनों और ग्रामीण परिवेश ने पूरे परिसर को पर्व के अनुरूप खास रूप दिया.

फुगड़ी, रस्साकशी और झूलों में दिखा उत्साह
तीजा-पोरा के आयोजन में माताओं और बहनों ने पारंपरिक खेलों और मनोरंजक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. फुगड़ी, रस्साकशी, कुर्सी दौड़, मेहंदी और झूले कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहे. लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के बीच महिलाओं ने उत्साह के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं. पूरे आयोजन में ऐसा माहौल बना, जैसे छत्तीसगढ़ के अलग-अलग अंचलों की परंपराएं एक ही आंगन में सिमट आई हों.

CM साय ने की शिव-पार्वती की पूजा
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना के साथ की. उन्होंने प्रदेश की माताओं-बहनों सहित सभी नागरिकों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की. CM साय ने कहा कि तीजा पर्व माता पार्वती की तपस्या, समर्पण और अटूट आस्था से जुड़ा है और छत्तीसगढ़ की माताएं-बहनें इस परंपरा को आज भी श्रद्धा के साथ आगे बढ़ा रही हैं.

‘हर घर मुनगा-घर घर मुनगा’ अभियान और पोषण माह की शुरुआत
तीजा-पोरा के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशव्यापी ‘हर घर मुनगा-घर घर मुनगा’ अभियान की शुरुआत की और इसका लोगो जारी किया. उन्होंने कहा कि मुनगा पोषक तत्वों और जरूरी मिनरल्स से भरपूर है, जिसका उपयोग खासकर महिलाओं और बच्चों के बेहतर पोषण में मददगार हो सकता है. इसी मौके पर राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का भी शुभारंभ किया गया. CM ने पोस्टर का विमोचन कर माताओं-बहनों को सुपोषण की शपथ दिलाई और सुपोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
बच्चों का अन्नप्राशन कर दिया स्नेह और आशीर्वाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने नन्हे बच्चों को अपने हाथों से खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन कराया. उन्होंने बच्चों को स्नेह और आशीर्वाद देते हुए उनके स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की कामना की. महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी प्रदेशवासियों को तीजा-पोरा की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पर्व छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपराओं तथा मातृशक्ति से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है. कार्यक्रम में कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, आयोगों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में माताएं-बहनें मौजूद रहीं.


One Response