CG News: बस्तर में माओवाद के साए से निकलकर भर्ती की राह पर युवा, ‘मिशन रक्षक’ में ले रहे ट्रेनिंग
CG News: जिस बस्तर की पहचान लंबे समय तक माओवाद और हिंसा से जुड़ी रही, वहां अब बदलाव की नई तस्वीर दिखाई दे रही है. अंतागढ़ में युवा बंदूक और हिंसा से दूर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की तैयारी में जुटे हैं. कोई दौड़ के मैदान में पसीना बहा रहा है, तो कोई लिखित परीक्षा की तैयारी कर रहा है. युवाओं के बीच रोजगार और वर्दी में सेवा करने का सपना अब तेजी से नजर आ रहा है.

‘मिशन रक्षक’ के जरिए भर्ती की तैयारी
अंतागढ़ में कांकेर पुलिस ने युवाओं को पुलिस और सुरक्षा बलों में भर्ती के लिए तैयार करने के उद्देश्य से ‘मिशन रक्षक’ प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है. इस पहल के तहत सैकड़ों युवा नियमित रूप से निशुल्क प्रशिक्षण ले रहे हैं. उन्हें छत्तीसगढ़ पुलिस, बस्तर फाइटर्स, CAF, CRPF, BSF और अग्निवीर सहित अलग-अलग भर्तियों के लिए तैयार किया जा रहा है.
मैदान में शारीरिक दक्षता पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को भर्ती के लिए जरूरी शारीरिक दक्षताओं का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है. सुबह से ही मैदान में 100 मीटर और 1500 मीटर दौड़, गोला फेंक, लंबी कूद और ऊंची कूद जैसी गतिविधियां कराई जाती हैं. प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ भर्ती प्रक्रिया के लिए जरूरी अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करना भी है.
लिखित परीक्षा और व्यक्तित्व विकास की तैयारी
‘मिशन रक्षक’ सिर्फ शारीरिक प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है. युवाओं को सामान्य ज्ञान, लिखित परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी जरूरी जानकारी भी दी जा रही है. इसके साथ ही उनमें नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है. इस तरह पुलिस की यह पहल युवाओं को सिर्फ नौकरी की परीक्षा के लिए नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य के लिए तैयार करने की दिशा में काम कर रही है.
बदलते बस्तर में नए सपनों की शुरुआत
अंतागढ़ की यह तस्वीर बस्तर में हो रहे बदलाव की एक झलक पेश करती है. जिन इलाकों में कभी माओवाद का असर युवाओं के भविष्य के लिए चुनौती माना जाता था, वहां अब युवा रोजगार और वर्दी की तैयारी करते नजर आ रहे हैं. विकास के साथ सोच और सपनों में भी बदलाव दिखाई दे रहा है. ‘मिशन रक्षक’ इसी बदलाव की मिसाल है, जहां युवा हिंसा से दूर होकर मेहनत, अनुशासन और रोजगार के रास्ते पर आगे बढ़ने का सपना देख रहे हैं.


One Response