CG News: बिहान योजना से आत्मनिर्भर बनीं तैलासो राजवाड़े, पशु सखी बन हर महीने 10 से 15 हजार रुपये की कमाई
CG News: सरगुजा जिले की तैलासो राजवाड़े ने बिहान योजना से जुड़कर अपनी पहचान बनाई है. पशु सखी के रूप में काम करते हुए वे ग्रामीण पशुपालकों की मदद कर रही हैं और हर महीने 10 से 15 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं. इस आय से वे बच्चों की पढ़ाई और परिवार की जरूरतें आसानी से पूरी कर पा रही हैं.
बिहान योजना से बदली जिंदगी
सरगुजा जिले के अंबिकापुर विकासखंड की तैलासो राजवाड़े महादेव स्वयं सहायता समूह, रोशनी ग्राम संगठन और समृद्ध सरगुजा संकुल से जुड़ी हुई हैं. पिछले दो वर्षों से वे पशु सखी के रूप में काम कर रही हैं और गांव के पशुपालकों को बकरियों की देखभाल, टीकाकरण और स्वास्थ्य संबंधी सलाह दे रही हैं.
हर महीने 10 से 15 हजार रुपये की कमाई
तैलासो बताती हैं कि इस काम से उन्हें हर महीने लगभग 10 से 15 हजार रुपये की आय हो रही है. पहले आर्थिक स्थिति कमजोर थी, लेकिन अब वे परिवार का खर्च, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरतें खुद पूरी कर पा रही हैं.
तीन बच्चों की पढ़ाई बनी आसान
उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें एक 12वीं, दूसरा 10वीं और सबसे छोटा 8वीं कक्षा में पढ़ता है. तैलासो का कहना है कि पहले बच्चों की पढ़ाई को लेकर चिंता रहती थी, लेकिन अब नियमित आय से उन्हें राहत मिली है, बिहान योजना की मदद से उन्होंने अपने खेत में बोर खुदवाया और धान की खेती शुरू की है. अब वे आगे सब्जी उत्पादन कर आय बढ़ाने की योजना बना रही हैं.
आत्मविश्वास और सम्मान मिला
तैलासो राजवाड़े का कहना है कि बिहान योजना ने उन्हें आत्मविश्वास, सम्मान और आर्थिक स्वावलंबन दिया है. वे मानती हैं कि यह योजना ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और इससे कई परिवारों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव आ रहा है.

