CG News: बिलासपुर में PM आवास पर सख्ती, पहली किस्त लेकर घर नहीं बनाया तो होगी कार्रवाई
CG News: बिलासपुर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पहली किस्त मिलने के बावजूद घर का निर्माण शुरू नहीं करने वाले हितग्राहियों पर अब कार्रवाई की तैयारी है. कलेक्टर संजय अग्रवाल ने टीएल बैठक में ऐसे मामलों की समीक्षा करते हुए अंतिम चेतावनी देने के निर्देश दिए हैं. तय समय में निर्माण शुरू नहीं होने पर आवास की स्वीकृति निरस्त की जा सकती है.
)
करीब 2 हजार हितग्राही निशाने पर
जिले में करीब 2 हजार ऐसे हितग्राही सामने आए हैं, जिन्हें पहली किस्त मिले डेढ़ से दो साल बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक निर्माण शुरू नहीं हुआ है. कलेक्टर ने एसडीएम और जनपद पंचायत सीईओ को इन मामलों में प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. अपात्र पाए जाने पर नियमों के तहत सरकारी राशि की वसूली भी की जाएगी.
सरकारी राशि के दुरुपयोग पर भी कार्रवाई
बैठक में सरकारी राशि के दुरुपयोग और गबन से जुड़े मामलों पर भी सख्ती के निर्देश दिए गए. ऐसे मामलों में संबंधित सरपंचों के खिलाफ नियमानुसार प्रकरण दर्ज करने को कहा गया है. वहीं मस्तूरी विकासखंड के दवनडीह में अधूरे आंगनबाड़ी भवन के मामले में संबंधित सरपंच के खिलाफ धारा 40 के तहत हटाने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए.
सौर ऊर्जा और जल संरक्षण पर फोकस
कलेक्टर ने विकास और रोजगार से जुड़े कार्यों को बढ़ावा देने के लिए अलग-अलग योजनाओं के कन्वर्जेंस पर जोर दिया. गोधाम वाले गांवों में चारा उत्पादन और प्रत्येक गांव में जल संरक्षण की संरचनाएं विकसित करने के निर्देश दिए गए. प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की समीक्षा में बताया गया कि जिले में करीब 6,500 सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं.
71 हजार से ज्यादा परिवारों को पक्के घर
वर्ष 2024 से 2026 के बीच बिलासपुर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 71,722 आवास स्वीकृत किए गए हैं. इनके निर्माण के लिए अब तक करीब 768 करोड़ रुपए जारी किए जा चुके हैं. योजना की राशि निर्धारित किस्तों में डीबीटी के जरिए सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंचाई जा रही है, ताकि ग्रामीण परिवारों को पक्का और सुरक्षित घर मिल सके.
यह भी पढ़ें : CG News: रायपुर समेत 4 शहरों में चलेंगी 240 इलेक्ट्रिक बसें, रूट और चार्जिंग स्टेशन पर बड़ा प्लान




