CG News: रायपुर समेत 4 शहरों में चलेंगी 240 इलेक्ट्रिक बसें, रूट और चार्जिंग स्टेशन पर बड़ा प्लान
CG News: छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना को जमीन पर उतारने की तैयारियां तेज हो गई हैं. नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय के निदेशक भानु प्रताप सिंह भदौरिया के साथ अधिकारियों की बैठक की. इसमें ई-बसों के संचालन, रूट, डिपो और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई.

चार शहरों को मिली 240 बसों की मंजूरी
केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत छत्तीसगढ़ के चार नगर निगमों के लिए कुल 240 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी मिली है. इनमें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और कोरबा शामिल हैं. इन बसों के संचालन से चारों शहरों में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने और नागरिकों को सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराने की योजना है.
लोगों की जरूरत के हिसाब से तय होंगे रूट
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि ई-बसों के रूट केवल सड़क और यातायात व्यवस्था देखकर तय नहीं किए जाएं, बल्कि शहर के रोजाना आवागमन को ध्यान में रखा जाए. स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, बाजार और प्रमुख सरकारी एवं निजी संस्थानों को जोड़ने वाले मार्गों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया. इससे विद्यार्थियों, कर्मचारियों, मरीजों और आम यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी.
डिपो और चार्जिंग स्टेशन पर भी फोकस
ई-बसों के संचालन के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई. अधिकारियों ने बस डिपो, चार्जिंग स्टेशन और बस स्टॉप के लिए उपयुक्त स्थान तय करने पर जोर दिया. केंद्रीय मंत्रालय के निदेशक भानु प्रताप सिंह भदौरिया ने भूमि की उपलब्धता और स्थान चयन से जुड़े कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए.
आधुनिक परिवहन व्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
240 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के साथ छत्तीसगढ़ के चार प्रमुख शहरों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नया स्वरूप मिलने की उम्मीद है. ई-बस नेटवर्क के जरिए ज्यादा यात्रियों वाले क्षेत्रों को जोड़ने की योजना है. वहीं, चार्जिंग और डिपो जैसी सुविधाएं तैयार होने के बाद बसों का संचालन सुचारु तरीके से किया जा सकेगा, जिससे आम लोगों को शहर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचने के लिए बेहतर सार्वजनिक परिवहन विकल्प मिलेगा.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का अक्टूबर में आगाज, लोकल खिलाड़ियों को मिलेगा प्रोफेशनल मंच




