CG News: कर्मचारी चयन मंडल ने जारी किया 2027 का वार्षिक कैलेंडर, प्रवेश और भर्ती परीक्षाओं की तारीखें घोषित
CG News: छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल, जिसे पहले व्यापम के नाम से जाना जाता था, ने वर्ष 2027 का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है. कैलेंडर में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के साथ प्रवेश परीक्षाओं, TET और SET की तारीखें भी शामिल की गई हैं. परीक्षा की तारीखें पहले से जारी होने से प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी.

व्यापम के बाद पहली बार जारी हुआ कैलेंडर
कर्मचारी चयन मंडल ने UPSC की तर्ज पर वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करने की प्रक्रिया शुरू की है. व्यावसायिक परीक्षा मंडल का नाम बदलकर कर्मचारी चयन मंडल किए जाने के बाद यह पहला वार्षिक कैलेंडर है. इससे साफ है कि मंडल आने वाले साल में विभिन्न विभागों की भर्ती परीक्षाओं के साथ अलग-अलग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए भी परीक्षाएं आयोजित करेगा. विस्तृत कैलेंडर मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है.
तीन तारीखें आकस्मिक परीक्षाओं के लिए आरक्षित
कर्मचारी चयन मंडल ने 2027 के परीक्षा कैलेंडर में तीन तारीखों को आकस्मिक परीक्षाओं के लिए सुरक्षित रखा है. इनमें 19 सितंबर, 28 नवंबर और 19 दिसंबर की तारीख शामिल है. यदि वार्षिक कैलेंडर जारी होने के बाद किसी विभाग से अतिरिक्त परीक्षा आयोजित करने का प्रस्ताव या आवेदन मिलता है, तो जरूरत के अनुसार इन आरक्षित तारीखों पर परीक्षा कराई जा सकती है.
जनवरी से जून तक ये परीक्षाएं होंगी
कैलेंडर के अनुसार, 10 जनवरी को समूह 2 उप समूह 2, 14 मार्च को समूह 1, 4 अप्रैल को समूह 6 उप समूह 2 और 18 अप्रैल को समूह 3 उप समूह 3 की परीक्षा होगी. इसके बाद 2 मई को PPT और Pre B.Ed, 9 मई को PET और Pre M.Sc Nursing, 23 मई को PPHT और Pre Post Basic Nursing, 30 मई को Pre D.El.Ed, 6 जून को Pre MCA और Pre B.Sc Nursing तथा 13 जून को PAT और PVPT की परीक्षा प्रस्तावित है.
जुलाई से दिसंबर तक भी तय है शेड्यूल
11 जुलाई को समूह 2 उप समूह 3, 25 जुलाई को समूह 5 और 29 अगस्त को समूह 6 उप समूह 1 की परीक्षा होगी. इसके बाद 19 सितंबर आकस्मिक परीक्षा के लिए आरक्षित है, जबकि 26 सितंबर को TET और 3 अक्टूबर को SET आयोजित किया जाएगा. 17 अक्टूबर को समूह 2 उप समूह 1, 21 नवंबर को समूह 7 और 12 दिसंबर को समूह 4 की परीक्षा निर्धारित है. 28 नवंबर और 19 दिसंबर की तारीखें भी आकस्मिक परीक्षाओं के लिए आरक्षित रखी गई हैं.
यह भी पढ़ें : CG News: जल संकट और सूखे पर 2 सितंबर को PM मोदी की हाईलेवल मीटिंग, CM साय रखेंगे छत्तीसगढ़ का पक्ष




