CG News: रायगढ़ में कोलता समाज के लिए 80 लाख रुपए की घोषणा, किसानों और विकास योजनाओं पर CM साय का फोकस
CG News: रायगढ़ में आयोजित कोलता समाज के नुआखाई भेंटघाट समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सामाजिक विकास और किसानों से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी. कार्यक्रम के दौरान उन्होंने समाज के लिए दो सामुदायिक भवनों के निर्माण की घोषणा की. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास में किसानों, युवाओं और समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है. समारोह में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया.

सामुदायिक भवनों के लिए 80 लाख रुपए मंजूर करने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने ग्राम कोतरलिया स्थित चंडी डोंगरी में भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपए और पुसौर में कोलता समाज के मंगल भवन के लिए 50 लाख रुपए देने का ऐलान किया. पुसौर में भवन की बाउंड्रीवॉल बनाने की घोषणा भी की गई. मुख्यमंत्री ने नुआखाई पर्व को कृषि परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर बताया.

रायगढ़ के किसानों को सिंचाई सुविधा देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय और कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है. इसी दिशा में केलो परियोजना के माध्यम से रायगढ़ क्षेत्र के किसानों तक पानी पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने प्रदेश में 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक की नई विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य में रोजाना करीब 1,600 पक्के मकान बनाए जाने की जानकारी दी.
सरकारी सेवाओं और पुनर्वास योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने नागरिकों की समस्याओं के समाधान और सरकारी सेवाओं को आसान बनाने के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और अटल डिजिटल सेवा केंद्र जैसी पहलों का उल्लेख किया. उन्होंने नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति और विकास को आगे बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया. आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के पुनर्वास के लिए 15 हजार आवास स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी.
ओ.पी. चौधरी ने भी विकास कार्यों की जानकारी दी
कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं का जिक्र किया. इनमें साकरा लिफ्ट सिंचाई परियोजना, पुसौर और सरिया में रजिस्ट्री कार्यालय, 100 बिस्तरों का अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज और नालंदा परिसर शामिल हैं. उन्होंने बेलरिया में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए विधायक निधि से 25 लाख रुपए देने की घोषणा भी की, समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. सांसद राधेश्याम राठिया और राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने भी समाज की शिक्षा, संस्कृति और एकता के महत्व पर विचार रखे. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया.


One Response