CG News: जनजातीय बच्चों तक पहुंचेगा अंतरिक्ष विज्ञान का ज्ञान, विज्ञान भारती की Space on Wheels पहल को CM साय ने सराहा
CG News: जिन बच्चों ने अब तक उपग्रहों को केवल आसमान में चमकते बिंदुओं के रूप में देखा था, उन्हें अब इसरो के उपग्रहों के मॉडल करीब से देखने और समझने का अवसर मिल रहा है. विज्ञान को बड़े शहरों और प्रयोगशालाओं से निकालकर दूरस्थ गांवों और स्कूलों तक पहुंचाने के इसी प्रयास की मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सराहना की है. यह पहल खासतौर पर जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने पर केंद्रित है.

विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों से मुलाकात
नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह के दौरान विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संस्था के सदस्यों से मुलाकात कर उनकी गतिविधियों और कार्यों की जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने दूरस्थ जनजातीय इलाकों में बच्चों को वैज्ञानिक गतिविधियों से जोड़ने और उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित करने के प्रयासों की प्रशंसा की, मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान, तकनीक और नवाचार के प्रति जिज्ञासा बच्चों के भविष्य को नई दिशा दे सकती है. जब जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों और अंतरिक्ष अभियानों के बारे में जानने का अवसर मिलेगा, तो उनकी समझ के साथ नई चीजें सीखने की उत्सुकता भी बढ़ेगी. इससे बच्चों के सामने शिक्षा और भविष्य के नए अवसर खुल सकेंगे.
विज्ञान भारती चला रही Space on Wheels अभियान
संस्था के प्रतिनिधि वर प्रसाद कोला ने मुख्यमंत्री को विज्ञान भारती के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि विज्ञान भारती राष्ट्रीय स्तर पर काम करने वाली संस्था है, जिसका मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है. स्वदेशी विज्ञान आंदोलन के माध्यम से यह संस्था भारत की पारंपरिक वैज्ञानिक विरासत और आधुनिक विज्ञान के बीच समन्वय स्थापित करने का प्रयास कर रही है. इसमें वरिष्ठ वैज्ञानिकों के साथ नई पीढ़ी के शोधकर्ता और वैज्ञानिक भी सक्रिय रूप से जुड़े हैं.

विशेष वाहन में रखे गए हैं ISRO के उपग्रहों के मॉडल
विज्ञान भारती की Space on Wheels पहल के तहत एक विशेष वाहन तैयार किया गया है, जिसमें इसरो द्वारा प्रक्षेपित उपग्रहों के मॉडल और अंतरिक्ष विज्ञान से संबंधित कई तरह की प्रदर्शन सामग्री रखी जाती है. इस वाहन के माध्यम से वैज्ञानिक और प्रशिक्षित शिक्षक स्कूलों तथा दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चों को उपग्रहों की कार्यप्रणाली, अंतरिक्ष अभियानों और वैज्ञानिक अनुसंधान की जानकारी आसान भाषा में देते हैं.
वैज्ञानिक संस्थानों तक पहुंच के बिना भी मिलेगा सीखने का अवसर
इस पहल की खास बात यह है कि अब दूरदराज के इलाकों में रहने वाले विद्यार्थियों को भी अंतरिक्ष विज्ञान को करीब से जानने का मौका मिल रहा है. जिन बच्चों के लिए बड़े वैज्ञानिक संस्थानों और प्रयोगशालाओं तक पहुंचना मुश्किल है, वे मोबाइल विज्ञान प्रदर्शनी के माध्यम से नई तकनीकों और अंतरिक्ष अनुसंधान से परिचित हो सकते हैं. मुख्यमंत्री निवास में हुई इस मुलाकात के दौरान शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. कुशकुमार नायक और एनआईटी रायपुर के कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रोफेसर डॉ. दिलीप कुमार सिसोदिया भी मौजूद रहे.

One Response