CG News: छत्तीसगढ़ में IAS-IPS समेत अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों का DA 3% बढ़ा, अब मिलेगा 63% महंगाई भत्ता
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में पदस्थ IAS, IPS और अन्य अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों को महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का लाभ देने का फैसला किया है. राज्य शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, अधिकारियों के DA में 3 प्रतिशत की वृद्धि की गई है. इसके बाद अब उन्हें 60 प्रतिशत के बजाय 63 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा.

1 जुलाई 2026 से लागू होगी नई दर
सरकार के आदेश के मुताबिक, बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ 1 जुलाई 2026 से दिया जाएगा. यानी अधिकारियों को जुलाई महीने से ही संशोधित दर के आधार पर DA की पात्रता रहेगी. इसके साथ ही जुलाई से वास्तविक भुगतान शुरू होने तक की बकाया राशि का भुगतान भी नकद किया जाएगा.
केंद्र सरकार के फैसले के बाद राज्य में बढ़ा DA
दरअसल, केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने 29 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि की थी. इसके बाद अखिल भारतीय सेवाओं के महंगाई भत्ता नियम, 1972 के प्रावधानों के तहत राज्य में कार्यरत संबंधित अधिकारियों के लिए भी बढ़ी हुई दर लागू की गई है.
अधिकारियों को एरियर का भी मिलेगा लाभ
महंगाई भत्ते की नई दर लागू होने से अधिकारियों को बढ़े हुए वेतन के साथ पिछले महीनों का एरियर भी मिलेगा. आदेश के अनुसार, 1 जुलाई 2026 से भुगतान की तारीख तक की अंतर राशि नकद दी जाएगी. इस फैसले से राज्य में कार्यरत IAS, IPS और अन्य अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा.
अतिरिक्त भुगतान होने पर होगी वसूली
राज्य शासन ने भुगतान प्रक्रिया को लेकर कुछ जरूरी निर्देश भी जारी किए हैं. आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी अधिकारी को निर्धारित पात्रता से अधिक महंगाई भत्ते का भुगतान हो जाता है, तो अतिरिक्त रकम संबंधित अधिकारी से वापस ली जाएगी. वहीं, एरियर का भुगतान उसी कार्यालय के माध्यम से किया जाएगा, जहां से संबंधित अवधि में अधिकारी का वेतन आहरित हुआ था.
वेतन पर्चियों में संशोधन के निर्देश
सरकार ने संबंधित कार्यालयों को वेतन पर्चियों में जरूरी बदलाव करने और संशोधित दर के अनुसार महंगाई भत्ते का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही पहले किए गए भुगतान का समायोजन भी किया जाएगा. इस आदेश के बाद छत्तीसगढ़ में पदस्थ अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों को अब 63 प्रतिशत DA और जुलाई 2026 से बकाया राशि का लाभ मिलेगा.


One Response