CG News: सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा: छत्तीसगढ़ की आस्था, संस्कृति और गौरव का राष्ट्रीय संगम
CG News: छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और भारतीय विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से ‘‘सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा’’ का आयोजन किया जा रहा है। 22 से 26 जून 2026 तक चलने वाली इस विशेष यात्रा में प्रदेश के 1000 चयनित प्रतिभागी विशेष ट्रेन से गुजरात स्थित सोमनाथ धाम पहुंचेंगे। यात्रा का शुभारंभ रायपुर रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में होगा।

रायपुर से होगी ऐतिहासिक यात्रा की शुरुआत
22 जून को रायपुर रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के जनप्रतिनिधि, सांस्कृतिक हस्तियां और विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट नागरिक मौजूद रहेंगे। यह यात्रा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है, सोमनाथ धाम भारतीय इतिहास, आस्था और सांस्कृतिक स्वाभिमान का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है। सदियों की चुनौतियों के बावजूद अपनी पहचान बनाए रखने वाला यह तीर्थस्थल भारतीय सभ्यता की दृढ़ता और आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक है।
1000 विशिष्टजन बनेंगे सांस्कृतिक प्रतिनिधि
यात्रा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित कलाकार, साहित्यकार, लोक संस्कृति से जुड़े व्यक्तित्व, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित प्रतिभागी शामिल होंगे। यह दल छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता का प्रतिनिधित्व करेगा, यात्रा में शामिल प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्रों की पवित्र मिट्टी और नदियों का जल साथ लेकर जाएंगे। यह पहल भारत की सांस्कृतिक एकता, आध्यात्मिक समरसता और राष्ट्रीय अखंडता के संदेश को मजबूत करने का प्रतीक बनेगी।
धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियां होंगी आकर्षण का केंद्र
सोमनाथ पहुंचने के बाद प्रतिभागी मंदिर दर्शन के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कला प्रस्तुतियों और ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण में भाग लेंगे। इससे उन्हें भारतीय संस्कृति और विरासत को करीब से समझने का अवसर मिलेगा, इस यात्रा के माध्यम से प्रदेश की लोक कला, साहित्य, संगीत और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। विभिन्न राज्यों से आए सांस्कृतिक प्रतिनिधियों के बीच संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान भी होगा।
सांस्कृतिक चेतना को मिलेगा नया विस्तार
सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा केवल तीर्थ दर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय गौरव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का अभियान भी है। इससे युवाओं और समाज में अपनी सांस्कृतिक जड़ों के प्रति जागरूकता और सम्मान की भावना विकसित होगी।
