CG News: छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक कामकाज की समीक्षा, मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दिए कई अहम निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के भारसाधक सचिवों की उच्च स्तरीय बैठक ली. बैठक में विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं, कार्यों और उनकी प्रगति की समीक्षा की गई. मुख्य सचिव ने अधिकारियों को तय समय सीमा में योजनाओं को पूरा करने और प्रशासनिक कामकाज में तेजी लाने के निर्देश दिए.

रिटायरमेंट से पहले पूरे होंगे प्रकरण
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी और कर्मचारियों से जुड़े सभी प्रकरण उनकी सेवानिवृत्ति से पहले ही तैयार कर लिए जाएं. इसके लिए विभागवार सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सूची नियमित रूप से तैयार करने को कहा गया है. साथ ही विभागों में रिक्त और बैकलॉग पदों की सूची तैयार कर सेटअप बनाने और भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी दिए गए.
योजनाओं की लगातार होगी मॉनिटरिंग
बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति की लगातार निगरानी करने पर जोर दिया गया. अधिकारियों से लोक सेवा गारंटी, सूचना का अधिकार, सेवा सेतु, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति, डी रेगुलेशन और ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं समेत कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की जानकारी ली गई. बैठक में बताया गया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अब तक 728 सेवाएं अधिसूचित की जा चुकी हैं.
आई-गॉट प्रशिक्षण पर विशेष जोर
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को आई-गॉट के तहत विभागवार चिन्हित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए. अधिकारी और कर्मचारियों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है. इसके साथ ही विभागों में किए जा रहे सुधारों की जानकारी भी तैयार करने के निर्देश दिए गए. आगामी दिनों में रिफॉर्म उत्सव अभियान आयोजित किए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई.
वरिष्ठ अधिकारी बैठक में रहे मौजूद
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह समेत विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव और सचिव मौजूद रहे. इसके अलावा स्कूल शिक्षा, स्वास्थ्य, वित्त, ऊर्जा, राजस्व, परिवहन, पर्यटन, खाद्य, श्रम और तकनीकी शिक्षा समेत अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया.



