CG News: हरेली अऊ गृह प्रवेश कार्यक्रम में जुटेगा छत्तीसगढ़ का शीर्ष नेतृत्व, जानिए पूरा कार्यक्रम
CG News: छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा और संस्कृति से जुड़े हरेली पर्व के अवसर पर नवा रायपुर में विशेष आयोजन किया जा रहा है. राजस्व, आपदा प्रबंधन, पुनर्वास एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की ओर से हरेली अऊ गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत प्रदेश के कई बड़े नेता और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे.

12 अगस्त को होगा कार्यक्रम
यह कार्यक्रम बुधवार 12 अगस्त को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक नवा रायपुर के सेक्टर 24 स्थित एम-12 आवास परिसर में आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी संस्कृति, पारंपरिक रीति रिवाज और आधुनिकता का संगम देखने को मिलेगा. आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है.
मुख्यमंत्री समेत कई दिग्गज होंगे शामिल
हरेली अऊ गृह प्रवेश कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल की मौजूदगी रहेगी. शासन और संगठन से जुड़े अन्य प्रमुख लोगों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है.
हरेली पर्व का खास महत्व
छत्तीसगढ़ में हरेली पर्व का धार्मिक और कृषि की दृष्टि से विशेष महत्व माना जाता है. इस दिन किसान अपने हल, नागर और कृषि उपकरणों की पूजा करते हैं और अच्छी फसल के साथ प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना करते हैं. गांवों से लेकर शहरों तक हरेली के मौके पर पारंपरिक उत्सव और लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलती है.
मंत्री ने प्रदेशवासियों को दिया नेवता
हरेली और गृह प्रवेश के इस शुभ अवसर पर मंत्री टंक राम वर्मा ने प्रदेशवासियों और शुभचिंतकों को छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुसार नेवता दिया है. उन्होंने लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर पारंपरिक छत्तीसगढ़ी पकवानों और लोक संस्कृति के उत्सव का हिस्सा बनने का आग्रह किया है. आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित किया जाएगा.




