CG News: कवर्धा के भोरमदेव कॉरिडोर की समीक्षा, 146 करोड़ के प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करने के निर्देश
CG News: कवर्धा जिले के प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर परिसर में प्रसाद योजना के तहत निर्माणाधीन भोरमदेव कॉरिडोर को लेकर अहम बैठक हुई. करीब 146 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना की प्रगति की बैठक में विस्तार से समीक्षा की गई. पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, उपमुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक विजय शर्मा समेत संबंधित अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे.

धीमी गति पर अधिकारियों ने जताई नाराजगी
बैठक के दौरान कॉरिडोर के निर्माण कार्य की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली गई. काम की धीमी गति को लेकर निर्माण एजेंसी और ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि परियोजना को तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए. निर्माण कार्य में किसी भी तरह की देरी नहीं करने की बात कही गई.
लेटलतीफी पर सख्त चेतावनी
बैठक में निर्माण एजेंसी और ठेकेदारों को काम में लापरवाही या अनावश्यक देरी को लेकर सख्त चेतावनी दी गई. अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि वे निर्माण कार्य की लगातार निगरानी करें. साथ ही काम की गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय पर परियोजना पूरी कराने पर फोकस करने को कहा गया.
गुणवत्ता पर भी रहेगी नजर
कॉरिडोर निर्माण के दौरान सिर्फ काम की रफ्तार ही नहीं, बल्कि निर्माण की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासनिक अधिकारियों को नियमित तौर पर निर्माण स्थल की निगरानी करने और सामने आने वाली समस्याओं का समय पर समाधान कराने को कहा गया है.
पर्यटन विकास को मिलेगी गति
भोरमदेव मंदिर को धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए कॉरिडोर परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. करीब 146 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह प्रोजेक्ट क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से जुड़ा है. अब प्रशासन का फोकस निर्माण कार्य को समय पर पूरा कराने के साथ इसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर रहेगा.
