CG News: बीरगांव नगर निगम का कायाकल्प, मुख्यमंत्री साय ने दिए 245 करोड़ रुपए से अधिक के सौगात
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीरगांव नगर निगम क्षेत्र के निवासियों को विकास कार्यों का बड़ा उपहार दिया है. उन्होंने बुधवार को 135 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले विभिन्न अधोसंरचनात्मक कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. इसके साथ ही स्थानीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने लगभग 110 करोड़ रुपए के नए विकास कार्यों की घोषणा की, जिसमें सबसे प्रमुख 82 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) शामिल है.

बुनियादी ढांचे और शिक्षा-स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई पहल
क्षेत्र में पेयजल और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए ओवरहेड टैंक एवं पाइपलाइन विस्तार हेतु 10 करोड़ रुपए तथा सड़क व नाली निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है. सरोरा में खेल मैदान के विकास के लिए 5 करोड़ रुपए और युवाओं व प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए सर्वसुविधायुक्त नालंदा परिसर निर्माण हेतु 5 करोड़ रुपए प्रदान किए जाएंगे. इसके अतिरिक्त व्यास तालाब तिराहा से बीरगांव नाला तक स्ट्रीट लाइट, रावांभाठा स्वास्थ्य केंद्र का जीर्णोद्धार, ई-लाइब्रेरी और बीरगांव में छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल का नया जोन कार्यालय शुरू करने का ऐलान किया गया है.

स्टेट कैपिटल रीजन के रोडमैप में बीरगांव का समावेश
मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि रायपुर और दुर्ग-भिलाई के समन्वय से विकसित किए जा रहे ‘स्टेट कैपिटल रीजन’ में बीरगांव भी एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. औद्योगिक केंद्र और बढ़ती आबादी को देखते हुए यहां का दीर्घकालीन व सुनियोजित विकास किया जा रहा है. पिछले ढाई वर्षों के दौरान बीरगांव क्षेत्र को 160 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य आवंटित किए जा चुके हैं, जिसमें बुधवार को लोकार्पित एवं भूमिपूजन किए गए 94 करोड़ के निगम कार्य और 38 करोड़ के लोक निर्माण विभाग के काम शामिल हैं.
सात प्रमुख बस्तियों में सर्वे के बाद बांटे जाएंगे आवासीय पट्टे
बीरगांव के रावांभाठा, बंजारी नगर, शक्तिपारा, मठपारा, शीतलापारा, उरकुरा और मजदूर नगर सरोरा के निवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इन क्षेत्रों में सर्वे कराकर नियमानुसार पात्र परिवारों को आवासीय पट्टे प्रदान किए जाएंगे. प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सहज बनाने के लिए बीरगांव में एक मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय स्थापित करने की भी स्वीकृति दी गई है.
जनकल्याणकारी योजनाओं का वितरण और सफाई मित्रों का सम्मान
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों का गृह प्रवेश संपन्न कराया तथा स्वनिधि एवं नोनी सुरक्षा योजना के लाभान्वितों को चेक वितरित किए. स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके पैर धुलवाकर तथा तिलक लगाकर उनका सम्मान किया. कार्यक्रम के अंत में नगर निगम को दो अग्निशमन वाहन सौंपे गए और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कॉलेज परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपा गया.

One Response