CG News : स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रभार! BJP ने जारी की नई संगठनात्मक लिस्ट
CG News :भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। नई सूची के मुताबिक पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी बनाया गया है, जबकि सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ के साथ हरियाणा का भी प्रभार दिया गया है। पार्टी की ओर से जारी सूची में कुल 36 राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्रों के लिए संगठनात्मक नियुक्तियों का ऐलान किया गया है, जिन्हें तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद हुई नियुक्ति
छत्तीसगढ़ में प्रदेश प्रभारी का पद इससे पहले नितिन नबीन के पास था। 20 जनवरी 2026 को नितिन नबीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह जिम्मेदारी खाली हो गई थी। अब केंद्रीय नेतृत्व ने स्मृति ईरानी को यह जिम्मेदारी सौंप दी है। नई सूची में कई वरिष्ठ नेताओं को एक से अधिक राज्यों का प्रभार दिया गया है। स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ के साथ हरियाणा, हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक, जबकि राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार और संगठन के बीच समन्वय पर नजर
स्मृति ईरानी को नई संगठनात्मक जिम्मेदारी ऐसे समय मिली है, जब छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार है। ऐसे में प्रदेश प्रभारी के तौर पर सरकार और संगठन के बीच समन्वय, कार्यकर्ताओं से संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाना महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में शामिल रहेगा। सिद्धार्थ शंभू सह-प्रभारी के तौर पर प्रदेश संगठन में उनका सहयोग करेंगे। नई नियुक्तियों के बाद छत्तीसगढ़ भाजपा में संगठनात्मक गतिविधियों के तेज होने की संभावना है और आने वाले समय में दोनों नेताओं की भूमिका पर नजर रहेगी।
यह भी पढे : CG News : CM साय का बड़ा ऐलान! बीरगांव के 4 इलाकों में होगा सर्वे, मिलेगा आवासीय पट्टा

