CG News: 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में ‘राम-नामी’ डॉक्यूमेंट्री को मिला सर्वश्रेष्ठ सम्मान, मुख्यमंत्री साय ने जताई खुशी
CG News: छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है. 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में रामनामी समाज की परंपरा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री ‘राम-नामी’ को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री का सम्मान दिया गया है. इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुशी जताते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया है.
फिल्म की टीम को दी बधाई
मुख्यमंत्री ने डॉक्यूमेंट्री के निर्देशक भरतबाला गणपति और पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि फिल्म ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत को प्रभावशाली तरीके से देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत किया है.
रामनामी समाज की परंपरा बनी आकर्षण का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनामी समाज की परंपरा आस्था, समर्पण और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का अनूठा उदाहरण है. इस समुदाय की जीवन शैली और आध्यात्मिक विचारधारा को डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से व्यापक पहचान मिली है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणादायक साबित होगी.
लोक संस्कृति को मिलेगा नया मंच
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास जताया कि इस राष्ट्रीय सम्मान से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और विविध सांस्कृतिक विरासत को देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई पहचान मिलेगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में यह उपलब्धि महत्वपूर्ण कदम है.

