CG News: छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर, CM साय ने जारी किया हाई अलर्ट, बीजापुर में 2 दिन स्कूल बंद
CG News: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिलों के कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं. रेड और येलो अलर्ट वाले जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हंद कि राहत और बचाव की तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

बीजापुर में दो दिन स्कूल बंद
लगातार हो रही बारिश और नदी-नालों के उफान को देखते हुए बीजापुर जिला शिक्षा अधिकारी ने 31 जुलाई और 1 अगस्त 2026 को सभी शासकीय और अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है. आदेश में कहा गया है कि खराब मौसम के कारण छात्र-छात्राओं को स्कूल पहुंचने में कठिनाई हो रही है, इसलिए उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है.
बस्तर संभाग सबसे संवेदनशील
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है. बस्तर संभाग के 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जहां तेज बारिश, आकाशीय बिजली और आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है. वहीं प्रदेश के अन्य 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी कर प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.
गरियाबंद में 60 घंटे से लगातार बारिश
गरियाबंद जिले में पिछले 60 घंटों से लगातार बारिश हो रही है. भारी वर्षा के कारण कई नदी और नाले उफान पर हैं. सड़कों के ऊपर पानी बहने से करीब 36 गांवों का संपर्क टूट गया है. NH-130 पर जलभराव के कारण कई घंटों से वाहनों की आवाजाही प्रभावित है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
नारायणपुर में भी बिगड़े हालात
नारायणपुर जिले में भी भारी बारिश के चलते सड़कें जलमग्न हो गई हैं और कई नदी-नाले उफान पर हैं. कई मार्ग बंद होने से शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं. प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अपील की जा रही है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें.



