CG News: छत्तीसगढ़ की ट्रेनों में जनरल कोच की सफाई पर रेलवे का फोकस, AI से होगी निगरानी
CG News: छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने नई पहल शुरू की है. रेलवे ने ट्रेनों के जनरल कोच में साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारने के लिए ‘बेटर ऑन-बोर्ड सर्विसेज’ नीति लागू की है. इसके तहत सामान्य श्रेणी के डिब्बों में भी यात्रा के दौरान नियमित सफाई की जाएगी. साथ ही, सफाई की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और जियो-टैगिंग जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा.

इन ट्रेनों में लागू होगी नई नीति
भारतीय रेलवे ने ‘52 सप्ताह में 52 सुधार’ परिवर्तन एजेंडे के तहत इस पहल की शुरुआत की है. छत्तीसगढ़ में बिलासपुर और रायपुर मंडल से चलने वाली चुनिंदा लंबी दूरी की ट्रेनों में यह व्यवस्था लागू की जाएगी. इनमें छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18237/18238), हमसफर एक्सप्रेस (20847/20848) और दुर्ग से एमसीटीएम उधमपुर के बीच चलने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12549/12550) शामिल हैं.

जनरल कोच में होगी नियमित साफ-सफाई
नई व्यवस्था के तहत एसी और स्लीपर कोच की तरह अनारक्षित यानी जनरल कोच में भी नियमित सफाई की जाएगी. यात्रा के दौरान शौचालय, प्रवेश द्वार और डस्टबिन की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक वॉशरूम की सफाई हर घंटे की जाएगी, जबकि अन्य समय में हर दो घंटे के अंतराल पर सफाई होगी, रेलवे सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए तकनीक का सहारा लेगा. सफाई से पहले और बाद की स्थिति दर्ज की जाएगी और तस्वीरें मोबाइल एप पर अपलोड होंगी. AI और जियो-टैगिंग के जरिए सफाई कार्य की निगरानी की जाएगी. रेलवे के निर्धारित मानकों के अनुसार काम का सत्यापन होने के बाद ही ठेकेदारों को भुगतान की अनुमति दी जाएगी.
कर्मचारियों को विद्युत और प्लंबिंग कार्यों की ट्रेनिंग
नई नीति के तहत सफाई कर्मचारियों को केवल स्वच्छता संबंधी कामों तक सीमित नहीं रखा जाएगा. उन्हें छोटे विद्युत और प्लंबिंग संबंधी कार्यों के लिए भी प्रशिक्षण दिया जाएगा. इससे ट्रेन में लाइट, पंखे और पानी की उपलब्धता से जुड़ी छोटी समस्याओं को दूर करने में मदद मिल सकेगी, रेलवे की इस पहल का उद्देश्य जनरल कोच में सफर करने वाले यात्रियों को भी बेहतर स्वच्छता और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है. नियमित सफाई, तकनीक आधारित निगरानी और कर्मचारियों के प्रशिक्षण के जरिए सामान्य श्रेणी के डिब्बों में सफाई व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया जाएगा.


One Response