CG News: रायगढ़ के नगर वन को मिलेगी नई पहचान, एक साल में ऑक्सीजोन और इको टूरिज्म के रूप में होगा विकास
CG News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद वित्तमंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी रामपुर स्थित नगर वन पहुंचे. यहां वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से आयोजित वन महोत्सव कार्यक्रम में उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पीपल का पौधा लगाया. कलेक्टर, डीएफओ और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पौधरोपण किया.

50 पौधों का किया गया रोपण
वन महोत्सव के दौरान नगर वन की पहाड़ी पर करीब 50 पौधे लगाए गए. इनमें बरगद, पीपल, गुलमोहर, कटहल समेत कई प्रजातियों के पौधे शामिल रहे. पौधरोपण को लेकर वन विभाग ने पहले से गड्ढे तैयार किए थे. अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने पौधों की देखभाल और उनके संरक्षण को लेकर भी जरूरी व्यवस्थाओं पर चर्चा की.

एक साल में ऑक्सीजोन बनाने का लक्ष्य
वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ शहर के बीच स्थित नगर वन का क्षेत्र बेहद खूबसूरत है. उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र के विकास के लिए एक बड़े प्रोजेक्ट की योजना बनाई जा रही है. आने वाले एक साल में नगर वन को ऑक्सीजोन के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि शहर के लोगों को प्राकृतिक वातावरण में सुकून के पल बिताने का बेहतर स्थान मिल सके.
पौधों को बचाना सबसे जरूरी
ओपी चौधरी ने कहा कि पौधा लगाने से ज्यादा जरूरी उसकी देखभाल कर उसे जीवित रखना है. उन्होंने बताया कि नगर वन में अच्छी गुणवत्ता वाले पौधे लगाए जा रहे हैं. गर्मी के मौसम में पौधों को पानी की कमी न हो, इसके लिए टैंकर के जरिए पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी. नियमित देखभाल के जरिए पौधों को सुरक्षित रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
इको टूरिज्म के रूप में होगा विकास
डीएफओ अरविंद पीएम ने बताया कि नगर वन क्षेत्र नगर निगम के अंतर्गत आता है और शहर के करीब स्थित यह पहाड़ी क्षेत्र प्राकृतिक रूप से काफी खूबसूरत है. इसे इको टूरिज्म के रूप में विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजा गया है. पहाड़ी और पथरीले क्षेत्र की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पौधों का चयन किया गया है. सुरक्षा के लिए फेंसिंग की गई है और जरूरत के अनुसार ट्री गार्ड भी लगाए जाएंगे.
यह भी पढ़ें : CG News: रायपुर में बदली बस्तर की तस्वीर, पूर्व महिला नक्सलियों ने हैंडलूम कपड़ों में किया रैंप वॉक




