CG News: रायपुर में बदली बस्तर की तस्वीर, पूर्व महिला नक्सलियों ने हैंडलूम कपड़ों में किया रैंप वॉक
CG News: रायपुर में राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर आयोजित स्वदेशी एक्सपो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. कार्यक्रम में 9 आत्मसमर्पित पूर्व महिला नक्सलियों ने मॉडल्स के साथ रैंप वॉक किया. उन्होंने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक बुनाई और कोसा सिल्क से तैयार परिधानों को आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शित किया. यह आयोजन सिर्फ फैशन शो नहीं, बल्कि नई जिंदगी की ओर बढ़ती महिलाओं की तस्वीर भी पेश करता नजर आया.

पहली बार पहुंचीं रायपुर
रैंप वॉक में शामिल सभी आत्मसमर्पित महिलाएं पहली बार रायपुर पहुंची थीं. पारंपरिक परिधानों में रैंप पर चलते हुए उनके चेहरे पर उत्साह और आत्मविश्वास साफ नजर आया. कार्यक्रम में फेमिना मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026 अनुष्का सोन ने भी हिस्सा लिया और शो की अगुवाई की. उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए इन महिलाओं को मिल रहे प्यार और सम्मान पर खुशी जताई.

मुख्यमंत्री ने बढ़ाया महिलाओं का हौसला
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहे. उन्होंने आत्मसमर्पित महिलाओं से मुलाकात कर उनसे बातचीत की और उनके बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं. इस दौरान महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए. आयोजन में उन्हें मुख्यधारा से जुड़ने और अपनी नई पहचान बनाने के अवसर को लेकर भी प्रोत्साहित किया गया.
रैंप पर दिखी हथकरघा परंपरा
कोसा सिल्क से तैयार परिधानों में रैंप वॉक करती महिलाओं ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध हथकरघा परंपरा को देश के सामने पेश किया. इस आयोजन में बदलते बस्तर की एक नई तस्वीर दिखाई दी, जहां हिंसा की पहचान पीछे छूटती नजर आई और हुनर, आत्मविश्वास तथा आत्मनिर्भरता आगे आती दिखाई दी. महिलाओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को खास बना दिया.
‘कोशल फैब’ ब्रांड की शुरुआत
स्वदेशी एक्सपो में छत्तीसगढ़ के कोसा और पारंपरिक हथकरघा उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया. इसी अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के प्रीमियम हैंडलूम ब्रांड ‘कोशल फैब’ की शुरुआत की. इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाना है.
यह भी पढ़ें : CG News: जशपुर का अनोखा नाग दरबार, नागपंचमी पर भक्तों पर सवार होते हैं नागदेव!



