CG News: महतारी वंदन योजना का पोर्टल फिर खुलने की तैयारी, नए वर्गों को जोड़ने पर मंथन
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार महतारी वंदन योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है. योजना से अब तक किसी कारणवश बाहर रह गई महिलाओं को जोड़ने के लिए पोर्टल दोबारा खोलने पर विचार किया जा रहा है. इसके साथ ही सरकार योजना का दायरा बढ़ाकर नए वर्गों को इसमें शामिल करने की संभावनाओं पर भी विचार कर रही है.

तीन नए वर्गों को शामिल करने पर विचार
महतारी वंदन योजना में दिव्यांग महिलाओं, कुछ निर्धारित श्रेणियों की अविवाहित युवतियों और ट्रांसजेंडर महिलाओं को शामिल करने का प्रस्ताव विचाराधीन है. हालांकि, इन वर्गों को योजना का लाभ देने से पहले सरकार उनकी पात्रता से जुड़ी शर्तें तय करेगी. इसमें उम्र सीमा, आवश्यक दस्तावेज और अन्य मापदंड निर्धारित किए जा सकते हैं.

सरकार जुटा रही जरूरी आंकड़े
योजना का दायरा बढ़ाने से पहले संबंधित विभागों से संभावित नए हितग्राहियों का डेटा एकत्र किया जा रहा है. इसमें दिव्यांग और ट्रांसजेंडर महिलाओं की संख्या के साथ उनके आयु वर्ग से जुड़ी जानकारी भी शामिल है. उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर नए लाभार्थियों की संभावित संख्या और योजना के विस्तार से सरकार पर आने वाले अतिरिक्त आर्थिक बोझ का अनुमान लगाया जाएगा.
पोर्टल खुलने पर नए सिरे से आवेदन
अगर सरकार पोर्टल फिर से खोलने का फैसला करती है, तो पहले योजना से छूट चुकी पात्र महिलाओं को दोबारा आवेदन करने का अवसर मिल सकता है. आवेदन के बाद जरूरी दस्तावेजों की जांच और पात्रता का सत्यापन किया जाएगा. वहीं अविवाहित युवतियों के लिए पात्रता की श्रेणी और आयु सीमा पहले से स्पष्ट की जाएगी, ताकि योजना का लाभ निर्धारित नियमों के अनुसार ही दिया जा सके.
योजना पर हर महीने खर्च हो रहे 700 करोड़
महतारी वंदन योजना के तहत वर्तमान में लाखों पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की सहायता राशि सीधे बैंक खातों में भेजी जा रही है. इस योजना पर सरकार करीब 700 करोड़ रुपये प्रतिमाह खर्च कर रही है. नए हितग्राहियों को जोड़ने से पहले अतिरिक्त वित्तीय भार का आकलन किया जाएगा. विभागीय आंकड़े और प्रस्ताव तैयार होने के बाद योजना के विस्तार को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें : CG News: CGPSC इंटरव्यू 21 सितंबर से, पहली बार सामने नहीं आएगा अभ्यर्थियों का चेहरा

