CG News: CGPSC इंटरव्यू 21 सितंबर से, पहली बार सामने नहीं आएगा अभ्यर्थियों का चेहरा
CG News: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा परीक्षा के साक्षात्कार 21 सितंबर 2026 से शुरू होने जा रहे हैं. इस बार भी आयोग ने इंटरव्यू प्रक्रिया में फेसलेस सिस्टम को शामिल किया है. आयोग पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस व्यवस्था का इस्तेमाल दूसरी बार कर रहा है. पिछले वर्ष भी अभ्यर्थियों के चयन में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए फेसलेस इंटरव्यू का प्रयोग किया गया था.

क्या होता है फेसलेस इंटरव्यू
फेसलेस इंटरव्यू में अभ्यर्थी की व्यक्तिगत पहचान से जुड़ी जानकारी साक्षात्कार बोर्ड के सदस्यों को नहीं दी जाती. पीएससी एक्सपर्ट अंकित अग्रवाल के मुताबिक अभ्यर्थी को इंटरव्यू के दौरान अपनी व्यक्तिगत जानकारी बताने की आवश्यकता नहीं होती. इस व्यवस्था का उद्देश्य बोर्ड को अभ्यर्थी की पहचान से अलग रखते हुए निष्पक्ष मूल्यांकन का अवसर देना है, ताकि किसी भी तरह के पक्षपात की संभावना कम हो.
608 अभ्यर्थियों को बुलाया गया
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा के परिणाम के आधार पर 608 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए प्रावधिक रूप से चिन्हांकित किया गया है. इन अभ्यर्थियों का चयन वर्गवार और उपवर्गवार न्यूनतम अर्हकारी अंक हासिल करने के साथ उपलब्धता के आधार पर किया गया है. आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है.
दस्तावेज सत्यापन जरूरी
साक्षात्कार में शामिल होने से पहले अभ्यर्थियों की दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया पूरी की जाएगी. यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया में अनुपस्थित रहता है, तो उसे इंटरव्यू में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी. इसलिए आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को अपनी निर्धारित तारीख, पाली और समय की जानकारी पहले से जांचने की सलाह दी है.
जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें
आयोग ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे साक्षात्कार के लिए निर्धारित तिथि और समय पर आयोग कार्यालय पहुंचें. साथ ही आवश्यक दस्तावेजों को पहले से तैयार रखने और जारी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ने की अपील की गई है. इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन से संबंधित विस्तृत जानकारी आयोग की ओर से जारी सूचना में उपलब्ध कराई गई है.
यह भी पढ़ें : CG News: 19-20 सितंबर को अंबिकापुर में अग्र महाकुंभ, देशभर से जुटेंगे अग्रवाल समाज के पदाधिकारी

