CG News: छत्तीसगढ़ में जल जीवन मिशन 2.0 लागू करने की तैयारी, ग्रामीण पेयजल योजनाओं की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों को मिलेगी
CG News: छत्तीसगढ़ में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को अधिक मजबूत और टिकाऊ बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन 2.0 को लेकर उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन, रखरखाव और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि हर ग्रामीण परिवार तक प्रतिदिन शुद्ध पेयजल पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रहे.

ग्राम पंचायतों को मिलेगी संचालन की जिम्मेदारी
बैठक में तय किया गया कि राज्य में तैयार सभी नल-जल योजनाओं का संचालन और रखरखाव चरणबद्ध तरीके से ग्राम पंचायतों को सौंपा जाएगा. इसके लिए पंचायतों को आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग भी उपलब्ध कराया जाएगा. योजनाओं का संचालन ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों के माध्यम से किया जाएगा, ताकि स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी बढ़े और योजनाओं की जवाबदेही सुनिश्चित हो सके.
सोशल ऑडिट होगा अनिवार्य
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल योजनाओं की गुणवत्ता और नियमित संचालन की निगरानी के लिए सोशल ऑडिट अनिवार्य रूप से कराया जाए. साथ ही प्रत्येक ग्राम सभा में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर चर्चा भी जरूरी होगी. इससे ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ेगी और किसी भी समस्या का समय पर समाधान किया जा सकेगा.
वाटर मीटर और जल शुल्क पर भी मंथन
बैठक में योजनाओं के दीर्घकालिक संचालन के लिए वित्तीय प्रबंधन पर भी चर्चा हुई. जल की बर्बादी कम करने, राजस्व बढ़ाने और योजनाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से भविष्य में बजट प्रावधानों के अनुसार वाटर मीटर लगाने की संभावना पर विचार किया गया. इसके अलावा जल शुल्क निर्धारण, पेयजल गुणवत्ता परीक्षण, मॉनिटरिंग व्यवस्था और सामुदायिक भागीदारी को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई.
नीति का प्रस्तुतिकरण, वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुलहक ने जल जीवन मिशन छत्तीसगढ़ की नई संचालन एवं रखरखाव नीति का विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया. बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह, जल जीवन मिशन, पीएचई विभाग और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे. सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक नियमित और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना तथा योजनाओं को लंबे समय तक प्रभावी बनाए रखना है.




