CG News : छत्तीसगढ़ में PM आवास योजना को मिली रफ्तार, ढाई साल में 11 लाख से ज्यादा मकान पूरे
CG News : छत्तीसगढ़ में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत निर्माण कार्य तेजी से जारी है। उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि नई सरकार के गठन के बाद अब तक 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूरे किए जा चुके हैं। सरकार का दावा है कि पात्र परिवारों को जल्द से जल्द पक्के मकान उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है।

18 लाख से ज्यादा आवास निर्माण का था लक्ष्य
नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में प्रदेश के पात्र परिवारों के लिए 18 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने और उनका निर्माण कराने का संकल्प लिया गया था। इसी के तहत पुराने और नए वित्तीय वर्षों में स्वीकृत आवासों के निर्माण को प्राथमिकता दी गई। सरकार के अनुसार, जिन आवासों का निर्माण विभिन्न कारणों से लंबे समय से लंबित था, उन्हें भी आवश्यक राशि उपलब्ध कराकर पूरा कराया जा रहा है।
पिछले वित्तीय वर्ष में 5.92 लाख से ज्यादा मकान पूरे
सरकार के मुताबिक, पिछले वित्तीय वर्ष में छत्तीसगढ़ में 5 लाख 92 हजार से अधिक प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण पूरा किया गया। इसे देश में सबसे अधिक आवास पूर्ण होने की उपलब्धि बताया गया है। वहीं, वर्ष 2011 और 2018 की पात्रता सूची में शामिल पात्र परिवारों के सभी आवासों को स्वीकृति दी जा चुकी है। कुल स्वीकृत आवासों में से अब तक 20 लाख 40 हजार मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि करीब 4 लाख आवास अभी निर्माणाधीन हैं।
मुख्यमंत्री आवास और जनमन योजना के मकान भी शामिल
वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पूरी हुई आवासीय उपलब्धियों में मुख्यमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बने मकान भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत 48 हजार आवासों में से करीब 20 हजार पूरे किए जा चुके हैं। वहीं, प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत लगभग 23 हजार आवास शामिल हैं। सरकार का कहना है कि विशेष योजनाओं के जरिए गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। निर्माणाधीन करीब 4 लाख मकानों को भी जल्द पूरा कराने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।



