CG News: बस्तर में शांति के बाद विकास की नई रफ्तार, रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
CG News: छत्तीसगढ़ के बस्तर में लंबे समय तक नक्सलवाद के कारण प्रभावित विकास कार्यों को अब नई गति मिल रही है, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, मोबाइल कनेक्टिविटी और रोजगार जैसी सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है, सरकार का उद्देश्य बस्तर के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है.
गांवों तक पहुंच रही सरकारी योजनाएं
मुख्यमंत्री साय ने चेन्नई से आए पत्रकारों के दल से चर्चा के दौरान कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब शासन की पहुंच मजबूत हुई है, सुरक्षा कैंपों के आसपास के गांवों में नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से सड़क, बिजली, पेयजल, राशन, बैंकिंग, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं, मोबाइल नेटवर्क और परिवहन सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने लगा है.

पर्यटन और स्थानीय रोजगार पर फोकस
बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता, जलप्रपात, जंगल, जनजातीय संस्कृति, कला और परंपराएं पर्यटन के लिहाज से बड़ी ताकत हैं, मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में शांति का माहौल बनने के साथ पर्यटन और स्थानीय उद्यमिता के नए अवसर तैयार हो रहे हैं, सरकार की कोशिश है कि बस्तर की पहचान देश और दुनिया तक पहुंचे और स्थानीय युवाओं को पर्यटन, हस्तशिल्प तथा स्वरोजगार के माध्यम से रोजगार के अवसर मिलें.
निवेश के लिए तैयार हो रहा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने राज्य की नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार रोजगार आधारित निवेश और स्थानीय संसाधनों के मूल्य संवर्धन पर विशेष ध्यान दे रही है, छत्तीसगढ़ में खनिज, वन, कृषि और ऊर्जा संसाधनों के साथ मजबूत अधोसंरचना और बेहतर कनेक्टिविटी मौजूद है, यही वजह है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, फार्मास्युटिकल, टेक्सटाइल और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे नए क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं बढ़ रही हैं.
शिक्षा और स्वास्थ्य को मिल रही मजबूती
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रायपुर और नवा रायपुर को शिक्षा के प्रमुख केंद्रों के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है, वहीं दूरस्थ और जनजातीय इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने, मेडिकल शिक्षा का विस्तार करने और आधुनिक चिकित्सा सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर भी सरकार का जोर है, सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ बस्तर सहित प्रदेश के अंतिम छोर तक पहुंचे.
चेन्नई के पत्रकारों का सम्मान
मुख्यमंत्री निवास में हुई मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय ने चेन्नई से आए पत्रकारों को छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कोसा फैब के शॉल भेंट कर सम्मानित किया, वहीं पत्रकार दल की ओर से मुख्यमंत्री को तमिलनाडु के महाबलीपुरम मंदिर की प्रतिकृति स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की गई, इस दौरान मुख्यमंत्री के सलाहकार आर, कृष्णा दास, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें : CG News: CM साय ने कंवर समाज को दी बड़ी सौगात, कई शहरों में भवन निर्माण के लिए राशि घोषित


