CG News: राष्ट्रीय एकता दिवस पर CM साय ने सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि, बोले- एकजुटता से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय एकता दिवस और भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. शनिवार को सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में उन्होंने सरदार पटेल के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकीकरण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया.

सैकड़ों रियासतों को एकजुट कर रखी अखंड भारत की नींव
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल भारतीय एकता और अखंडता के महान शिल्पकार थे. स्वतंत्रता के बाद उन्होंने अपने साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व के बल पर देश की सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में जोड़ने का काम किया. उनके इस योगदान से एक मजबूत और अखंड भारत की नींव तैयार हुई. राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका भारतीय इतिहास में हमेशा याद की जाएगी.

राष्ट्रहित और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक थे सरदार पटेल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का पूरा जीवन राष्ट्रहित, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा को समर्पित रहा. उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और राष्ट्रीय एकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी. उनका जीवन यह संदेश देता है कि दृढ़ संकल्प और सामूहिक प्रयासों से बड़ी चुनौतियों का सामना किया जा सकता है, सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के एक भारत, श्रेष्ठ भारत के विचार को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के विचार आज भी इस संकल्प को मजबूती देते हैं.
विविधता में एकता भारत की सबसे बड़ी ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल सरदार पटेल के योगदान को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लेने का दिन भी है. भारत में अलग-अलग भाषाएं, संस्कृतियां, परंपराएं और समुदाय हैं, लेकिन इन सभी को एक सूत्र में बांधकर आगे बढ़ना ही देश की असली ताकत है, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने और राष्ट्र की एकता एवं समृद्धि में योगदान देने की अपील की. उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर एक मजबूत, समरस और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प लेना चाहिए. इससे विकसित भारत के निर्माण में प्रदेश भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेगा.


One Response