CG News: तूता में विस्थापन की खबरों पर NRDA की सफाई, फिलहाल केवल नोटिस जारी
CG News: नवा रायपुर के ग्राम तूता में अतिक्रमण हटाने और विस्थापन की खबरों के बीच नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण, यानी NRDA ने स्थिति स्पष्ट की है. प्राधिकरण का कहना है कि फिलहाल किसी भी तरह की विस्थापन कार्रवाई प्रस्तावित नहीं है और अभी केवल नियमानुसार प्रक्रिया चल रही है.
विस्थापन का कोई प्रस्ताव नहीं
NRDA ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर चल रही विस्थापन की खबरें भ्रामक हैं. वर्तमान में गांव के लोगों को हटाने की कोई कार्रवाई प्रस्तावित नहीं है. केवल प्राप्त शिकायतों के आधार पर नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं.

शिकायतों के बाद शुरू हुई कार्रवाई
प्राधिकरण के अनुसार, ग्राम तूता में अतिक्रमण की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. इसके बाद अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया और जांच के आधार पर संबंधित लोगों को प्राथमिक कारण बताओ नोटिस जारी किए गए.
ग्रामीणों के साथ हुई बैठक
NRDA ने बताया कि 2 जुलाई को गांव के प्रतिनिधियों और समाज के पदाधिकारियों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मुलाकात की. बैठक में तय हुआ कि सभी पक्षों के साथ चर्चा कर आम सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोकहित में उचित समाधान निकाला जा सके.
ग्राम पंचायत भी भेजती रही है शिकायतें
प्राधिकरण के मुताबिक, ग्राम पंचायत की ओर से भी समय-समय पर गांव के विभिन्न स्थानों से अतिक्रमण हटाने के लिए पत्र भेजे जाते रहे हैं. इन्हीं शिकायतों और निर्धारित प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी किए गए हैं.
कानून और जनहित के अनुसार होगा फैसला
NRDA ने कहा है कि उसका उद्देश्य किसी के साथ अन्याय करना नहीं है. आगे की सभी कार्रवाई कानून के दायरे में और पूरी संवेदनशीलता के साथ की जाएगी, ताकि विकास कार्य भी प्रभावित न हों और सभी पक्षों के हितों का भी ध्यान रखा जा सके.
