CG News: चुनाव आयोग का राष्ट्रीय सम्मेलन, फेक न्यूज और AI चुनौतियों पर अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण
CG News: भारत निर्वाचन आयोग ने नई दिल्ली में मीडिया और संचार अधिकारियों के लिए राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया. एक दिवसीय इस कार्यक्रम में देशभर के 260 से अधिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया. सम्मेलन में फेक न्यूज, डीपफेक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और चुनावी संचार रणनीति जैसे अहम विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया.
260 से अधिक अधिकारी हुए शामिल
नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट, यानी IIIIDEM में आयोजित सम्मेलन में 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मीडिया नोडल अधिकारी, सोशल मीडिया नोडल अधिकारी, जिला जनसंपर्क अधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. छत्तीसगढ़ से भी सभी 33 जिलों के जिला जनसंपर्क अधिकारी सम्मेलन में पहुंचे.

फेक न्यूज पर सतर्क रहने की सलाह
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग की सभी प्रक्रियाएं संविधान और कानून के अनुरूप संचालित होती हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक और फर्जी सूचनाओं से सतर्क रहने तथा सही और तथ्यात्मक जानकारी लोगों तक पहुंचाने में मीडिया एवं संचार अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई.
AI और डीपफेक पर विशेष चर्चा
चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने डिजिटल दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डीपफेक और भ्रामक डिजिटल कंटेंट से पैदा हो रही चुनौतियों पर चर्चा की. उन्होंने अधिकारियों से आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार इन चुनौतियों का प्रभावी तरीके से सामना करने का आह्वान किया. साथ ही युवा मतदाताओं को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ने पर भी जोर दिया.
निर्वाचन प्रबंधन का मिला प्रशिक्षण
सम्मेलन में मतदाता सूची प्रबंधन, मतदान और मतगणना प्रक्रिया, मीडिया प्रबंधन, प्रेस विज्ञप्ति लेखन, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग और गलत सूचनाओं से निपटने जैसे विषयों पर तकनीकी एवं व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए. प्रतिभागियों को निर्वाचन प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रदर्शन भी कराया गया.
अनुभव साझा कर सीखे बेहतर तरीके
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राज्यों के अधिकारियों ने चुनाव प्रबंधन और जनसंचार से जुड़े अपने अनुभव साझा किए. सम्मेलन का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसमें अधिकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया और संचार रणनीतियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की.

