CG News: छत्तीसगढ़ में राशन वितरण का नया नियम, सितंबर में ही मिलेगा अक्टूबर का चावल
CG News: छत्तीसगढ़ में राशन कार्डधारकों के लिए सितंबर का महीना राहत लेकर आ रहा है. सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पात्र हितग्राहियों को सितंबर में ही दो महीने का चावल उपलब्ध कराया जाएगा. यानी सितंबर के साथ अक्टूबर का राशन भी एक साथ दिया जाएगा. इसके लिए उचित मूल्य की दुकानों में पहले से पर्याप्त खाद्यान्न पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है.
APL कार्डधारकों को नहीं मिलेगा लाभ
सरकार की यह व्यवस्था APL कार्डधारकों को छोड़कर अन्य पात्र श्रेणियों के लिए लागू होगी. संबंधित हितग्राही सितंबर में दोनों महीनों का निर्धारित चावल प्राप्त कर सकेंगे. विभाग ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राशन दुकानों में समय से पहले सितंबर और अक्टूबर का स्टॉक उपलब्ध कराया जाए, ताकि वितरण के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.
राशन दुकानदारों का कमीशन बढ़ा
राशन वितरण से जुड़े दुकानदारों के लिए भी सरकार ने बदलाव किया है. अब प्रति क्विंटल चावल की बिक्री पर 100 रुपये कमीशन दिया जाएगा. पहले दुकानदारों को 90 रुपये प्रति क्विंटल मिलते थे. इसके अलावा ई-पॉश मशीन के जरिए खाद्यान्न वितरण पर मिलने वाली अतिरिक्त मार्जिन राशि में भी बढ़ोतरी की गई है.
विक्रेता संघ ने बढ़ोतरी को बताया कम
कमीशन में बढ़ोतरी के बावजूद राशन विक्रेता संघ इससे पूरी तरह संतुष्ट नहीं है. विक्रेता संघ का कहना है कि मौजूदा खर्च और काम को देखते हुए 10 रुपये की बढ़ोतरी पर्याप्त नहीं है. संघ ने कमीशन में और अधिक बढ़ोतरी की मांग की है. अब इस मांग को लेकर सरकार के अगले कदम पर नजर रहेगी.
अक्टूबर में नहीं लगानी होगी अलग लाइन
नई व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि पात्र परिवारों को सितंबर में ही दो महीने का चावल मिल जाएगा. अक्टूबर में राशन लेने के लिए अलग से दुकान जाने की जरूरत नहीं होगी. पहले से राशन दुकानों में स्टॉक उपलब्ध कराने से वितरण व्यवस्था भी आसान होगी और हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न मिलने की संभावना बढ़ेगी.
यह भी पढ़ें : CG News: बिलासपुर से येलहंका के बीच सीधी साप्ताहिक ट्रेन शुरू, राजनांदगांव समेत कई शहरों को फायदा



