CG News: बिलासपुर से येलहंका के बीच सीधी साप्ताहिक ट्रेन शुरू, राजनांदगांव समेत कई शहरों को फायदा
CG News: दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. बिलासपुर से येलहंका के बीच साप्ताहिक सीधी ट्रेन सेवा 26 अगस्त से शुरू होने जा रही है. इस ट्रेन के चलने से छत्तीसगढ़ के कई शहर सीधे दक्षिण भारत से जुड़ जाएंगे. खासतौर पर बेंगलुरू जाने वाले यात्रियों को अब बीच रास्ते में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

हर बुधवार बिलासपुर से रवाना होगी
रेलवे के अनुसार ट्रेन नंबर 18261 प्रत्येक बुधवार को बिलासपुर से दोपहर 2 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन भाटापारा, रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव होते हुए डोंगरगढ़, गोंदिया, नागपुर और आगे के प्रमुख स्टेशनों से होकर येलहंका पहुंचेगी. राजनांदगांव में ट्रेन का ठहराव शाम 4.49 बजे होगा और दो मिनट बाद यह आगे के लिए रवाना हो जाएगी.
गुरुवार को येलहंका से वापसी
वापसी में ट्रेन नंबर 18262 प्रत्येक गुरुवार को येलहंका से रात 9.30 बजे रवाना होगी. निर्धारित मार्ग से लौटते हुए ट्रेन अगले दिन डोंगरगढ़ और राजनांदगांव पहुंचेगी. राजनांदगांव में रात 11.25 बजे इसका ठहराव रहेगा और दो मिनट बाद ट्रेन बिलासपुर के लिए रवाना होगी. साप्ताहिक सीधी सेवा शुरू होने से यात्रियों को यात्रा की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है.
कई शहरों को मिलेगा सीधा कनेक्शन
नई रेल सेवा से बिलासपुर, राजनांदगांव, दुर्ग और डोंगरगढ़ समेत रास्ते में आने वाले कई शहर दक्षिण भारत से सीधे जुड़ेंगे. बेंगलुरू में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और परिवार के साथ यात्रा करने वाले लोगों को इसका सबसे ज्यादा फायदा मिलने की उम्मीद है. पहले यात्रियों को कई बार कनेक्टिंग ट्रेन लेकर रास्ते में ट्रेन बदलनी पड़ती थी.
यात्रियों की परेशानी होगी कम
सीधी ट्रेन मिलने से खासकर बुजुर्ग यात्रियों और अधिक सामान के साथ सफर करने वाले लोगों की परेशानी कम होगी. रेलवे की यह सेवा पहले विशेष ट्रेन के रूप में संचालित की गई थी, जिसे अब नियमित साप्ताहिक सेवा के तौर पर शुरू किया जा रहा है. दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों के लिए यह नई ट्रेन सुविधा यात्रा को आसान और सुविधाजनक बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है.



