CG News: छत्तीसगढ़ में NIFT की नई शुरुआत, पुराने विधानसभा भवन से फैशन शिक्षा को मिलेगी नई उड़ान
CG News: नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी यानी NIFT का छत्तीसगढ़ में 20वां कैंपस शुरू हो गया है। राजधानी के पुराने विधानसभा भवन को अस्थायी कैंपस के रूप में तैयार किया गया है। 29 जुलाई से शुरू हुए तीन दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम में पहले बैच के विद्यार्थियों का स्वागत किया गया।
पहले बैच में 80 विद्यार्थियों ने लिया प्रवेश
निफ्ट रायपुर कैंपस में फिलहाल फैशन डिजाइन, फैशन इंटीरियर्स और फैशन एंड लाइफस्टाइल एक्सेसरी डिजाइन जैसे तीन ग्रेजुएशन कोर्स शुरू किए गए हैं। इन पाठ्यक्रमों में कुल 80 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। कैंपस डायरेक्टर डॉ. शिंजु महाजन ने बताया कि स्थायी कैंपस बनने तक पुराने विधानसभा भवन में ही पढ़ाई जारी रहेगी, निफ्ट का स्थायी कैंपस नवा रायपुर में बनाया जा रहा है। इसे तैयार होने में करीब तीन से चार वर्ष का समय लग सकता है। इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 271 करोड़ रुपये है। इसमें भवन निर्माण, मशीनरी, फर्नीचर और जमीन सहित अन्य सुविधाओं को शामिल किया गया है।
प्रैक्टिकल बेस्ड होगी निफ्ट की पढ़ाई
निफ्ट में विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं बल्कि प्रैक्टिकल प्रशिक्षण दिया जाएगा। शुरुआती वर्षों में डिजाइन, मटेरियल, पैटर्न मेकिंग और क्राफ्ट की जानकारी दी जाएगी। इसके बाद एआई और डिजिटल डिजाइन टूल्स को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया जाएगा, जिससे छात्र आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ सकें, निफ्ट के क्लस्टर इनिशिएटिव के तहत छात्र गांवों और कारीगरों के बीच जाकर पारंपरिक कला और शिल्प को समझेंगे। इसके साथ ही कारीगरों को भी कैंपस में बुलाकर आधुनिक डिजाइन, बाजार की मांग और नए प्रयोगों की जानकारी दी जाएगी।
पुरानी विधानसभा को मिला नया रूप
करीब 25 वर्षों तक छत्तीसगढ़ की राजनीति का केंद्र रहे पुराने विधानसभा भवन को अब शिक्षा के केंद्र में बदला गया है। पुराने कार्यालयों को क्लास रूम बनाया गया है, वहीं मंत्रियों के रेस्ट हाउस को विद्यार्थियों के हॉस्टल में बदला गया है। पुरानी लाइब्रेरी को कंप्यूटर लैब और नई लाइब्रेरी के रूप में विकसित किया जा रहा है, NIFT कैंपस शुरू होने से छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों को फैशन, डिजाइन और लाइफस्टाइल क्षेत्र में बेहतर अवसर मिलेंगे। आधुनिक सुविधाओं और पारंपरिक कला के मेल से यह संस्थान प्रदेश में डिजाइन शिक्षा को नई दिशा देने की तैयारी में है।




