CG News: IIM रायपुर में शुरू होगा चिंतन शिविर 3.0, सुशासन, AI और विकास पर होगा मंथन
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार 4 और 5 जुलाई को रायपुर स्थित आईआईएम में दो दिवसीय चिंतन शिविर 3.0 का आयोजन करेगी. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अगुवाई में होने वाले इस शिविर में सुशासन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कृषि, उद्योग, निवेश और विकसित छत्तीसगढ़ के विजन पर व्यापक मंथन होगा.
IIM रायपुर में जुटेगा मंत्रिमंडल
चिंतन शिविर 3.0 का आयोजन भारतीय प्रबंधन संस्थान, रायपुर में किया जाएगा. इसमें मुख्यमंत्री, मंत्रिपरिषद के सदस्य और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे. शिविर का उद्देश्य शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, नवाचार आधारित और परिणामोन्मुख बनाना है.

विकसित छत्तीसगढ़ के विजन पर चर्चा
दो दिवसीय शिविर में कृषि, ग्रामीण विकास, उद्योग, निवेश, पर्यटन, खेल, उभरती तकनीक, संस्थागत सुधार, नेतृत्व विकास और जनसेवा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी. इन विषयों पर भविष्य की रणनीति और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी मंथन किया जाएगा.
राष्ट्रीय विशेषज्ञ देंगे मार्गदर्शन
शिविर में देश के कई प्रतिष्ठित विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे. पहले दिन गौर गोपाल दास नेतृत्व और जीवन मूल्यों पर व्याख्यान देंगे. वहीं अभय करंदीकर उभरती तकनीकों और भविष्य की शासन व्यवस्था पर अपने विचार रखेंगे. डॉ. रमेश चंद कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर विशेष सत्र को संबोधित करेंगे.
योग से होगी दूसरे दिन की शुरुआत
शिविर के दूसरे दिन योग सत्र से कार्यक्रम की शुरुआत होगी. इसके बाद पर्यटन, सार्वजनिक नीति, नेतृत्व, उत्कृष्ट प्रदर्शन और सुशासन जैसे विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे. साथ ही प्रशासन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी विशेष चर्चा होगी.
सुशासन और नवाचार पर रहेगा फोकस
सरकार का उद्देश्य इस चिंतन शिविर के माध्यम से बेहतर प्रशासनिक कार्यसंस्कृति विकसित करना, विभागों के बीच समन्वय बढ़ाना और नागरिकों को अधिक प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना है. शिविर में लिए गए सुझावों के आधार पर आने वाले वर्षों के लिए विकास की नई रणनीति तैयार की जाएगी.
