CG News: रायपुर में ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो, सीएम साय ने गिनाईं डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ भव्य समारोह का आयोजन किया गया, कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, इस दौरान ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संघर्ष, सेवा और राष्ट्र निर्माण तक के प्रेरक सफर को बड़े ही प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों का भारी प्रोत्साहन मिला.

पीएम मोदी के 25 वर्षों का कार्यकाल
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन देश के इतिहास में विशेष महत्व रखता है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं, 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 वर्षों से देश के प्रधानसेवक के रूप में उनकी यात्रा सेवा, सुशासन और जनकल्याण की मिसाल है, सीएम ने कहा कि पीएम मोदी का जीवन देश के युवाओं के लिए परिश्रम और अनुशासन की बड़ी प्रेरणा है.

विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए छत्तीसगढ़ भी ‘विकसित और आत्मनिर्भर राज्य’ बनने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है, राज्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है, उन्होंने बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ मिली ऐतिहासिक सफलताओं, जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 6,691 गांवों में विकास कार्यों और महतारी वंदन योजना के जरिए महिलाओं के सशक्तिकरण का विशेष रूप से उल्लेख किया.

51 हजार करोड़ के रेल प्रोजेक्ट्स और विदेशी निवेश
राज्य के अधोसंरचनात्मक विकास का ब्योरा देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए 51 हजार करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं और ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, इसके अलावा अपने हालिया सिंगापुर दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेशकों में छत्तीसगढ़ के प्रति भारी उत्साह है और 15 बड़ी कंपनियों ने राज्य में निवेश की मजबूत इच्छा जताई है.
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दीं शुभकामनाएं
कार्यक्रम में उपस्थित रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 25 वर्षों के निष्कलंक और जन-समर्पित सार्वजनिक जीवन के लिए बधाई दी, उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य देश के हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही संभव होगा, समारोह में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने हिस्सा लिया.


One Response