CG News: ईवीएम पर कांग्रेस के आरोपों पर सीएम साय का तीखा हमला, डेढ़ साल में 8.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिलने का दावा
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चुनाव प्रक्रिया और ईवीएम (EVM) को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर करारा पलटवार किया है, सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस अपनी लगातार राजनीतिक विफलताओं की जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय कभी ईवीएम तो कभी चुनाव आयोग पर अनर्गल आरोप लगाती है, उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब कांग्रेस इसी ईवीएम से चुनाव जीतकर सत्ता में आती है तब उसे कोई खामी नजर नहीं आती, लेकिन हार मिलते ही संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करने लगती है.

लोकतंत्र में जनादेश का सम्मान करे कांग्रेस: CM साय
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश ही सर्वोपरि होता है और सभी राजनीतिक दलों को हार-जीत के परिणाम को पूरे सम्मान के साथ स्वीकार करना चाहिए, उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता अब कांग्रेस के इस दोहरे रवैये को भली-भांति समझ चुकी है, इसलिए अपनी कमियों को छिपाने के लिए बार-बार संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर उंगली उठाना पूरी तरह से गैर-जिम्मेदाराना और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है.
8.23 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव
राज्य के आर्थिक विकास का ब्योरा देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक विकास नीति लागू होने के बाद बीते डेढ़ वर्षों में प्रदेश को 8.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, सरकार का लक्ष्य केवल एमओयू (MoU) कागजों पर करना नहीं, बल्कि इन निवेशों को वास्तविक धरातल पर लाकर उद्योग स्थापित करना और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है, उन्होंने बताया कि राज्य में सेमीकंडक्टर और एआई डेटा सेंटर जैसी आधुनिक परियोजनाओं पर काम भी शुरू कर दिया गया है.
सिंगापुर दौरे से मिला ₹41,750 करोड़ का डेटा सेंटर प्रोजेक्ट
सीएम साय ने अपने हालिया सिंगापुर दौरे की उपलब्धियों को साझा करते हुए बताया कि 3 से 6 अक्टूबर तक आयोजित ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ फोरम-2026’ के माध्यम से राज्य को एफडीआई (FDI) के बड़े प्रस्ताव मिले हैं, जिससे प्रदेश का कुल एफडीआई प्रस्ताव बढ़कर 43,600 करोड़ रुपये हो गया है, इसमें एनर्जी कैपिटल ग्लोबल कंपनी द्वारा छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने के लिए ₹41,750 करोड़ का भारी-भरकम निवेश शामिल है.
पीएम मोदी के कार्यकाल को बताया सुशासन का दौर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रदेश की जनता की ओर से बधाई दी, उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री बनने से लेकर अब तक पीएम मोदी का कार्यकाल सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है, इस उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 13 तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और प्रदेश के 38 प्रमुख स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित किए जा रहे हैं.


One Response