CG News: छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में 27 नवंबर से महतारी भाखा सम्मान सप्ताह, निबंध से लेकर लोकगीत तक होंगे आयोजन
CG News: छत्तीसगढ़ी भाषा और स्थानीय बोलियों को नई पीढ़ी से जोड़ने के लिए प्रदेश के शासकीय स्कूलों में महतारी भाखा सम्मान सप्ताह आयोजित किया जाएगा. यह आयोजन 27 नवंबर से शुरू होकर 5 दिसंबर तक चलेगा. इस दौरान विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. इसका उद्देश्य बच्चों में छत्तीसगढ़ी भाषा, स्थानीय बोलियों और प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता और सम्मान की भावना विकसित करना है.
संस्कृति विभाग ने जारी किए दिशा-निर्देश
छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए संस्कृति विभाग ने स्कूल शिक्षा विभाग को दिशा-निर्देश जारी किए हैं. इसमें मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों के विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा. प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों को अपनी मातृभाषा में विचार व्यक्त करने के साथ ही लोककला, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा.
अलग-अलग तारीखों पर होंगी प्रतियोगिताएं
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मिडिल स्कूल स्तर पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. 28 नवंबर को छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की ओर से रायपुर में राज्य स्तरीय छत्तीसगढ़ी दिवस कार्यक्रम होगा. इसके बाद 30 नवंबर को मिडिल स्कूलों में भाषण प्रतियोगिता, 1 दिसंबर को हाई स्कूलों में वाद-विवाद और 2 दिसंबर को लोकगीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. वहीं, हायर सेकेंडरी स्कूलों में 3 दिसंबर को निबंध और 4 दिसंबर को भाषण प्रतियोगिता होगी. 5 दिसंबर को महाविद्यालय स्तर पर वाद-विवाद प्रतियोगिता रखी गई है.
निबंध के लिए 200 शब्द और प्रस्तुति के लिए पांच मिनट
प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के लिए समय-सीमा भी तय की गई है. निबंध प्रतियोगिता में अधिकतम 200 शब्द लिखने होंगे और इसके लिए 45 मिनट का समय मिलेगा. वहीं, भाषण, वाद-विवाद और लोकगीत प्रतियोगिताओं में प्रत्येक प्रतिभागी को अपनी प्रस्तुति के लिए अधिकतम पांच मिनट दिए जाएंगे. प्रतियोगिताओं का आयोजन स्थल और निर्णायक मंडल स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से निर्धारित किया जाएगा.
विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया जाएगा सम्मानित
प्रदेश के सभी जिलों में मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूल स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को संस्कृति विभाग की ओर से प्रशस्ति पत्र और प्रमाण पत्र दिए जाएंगे. आयोजकों को प्रतियोगिताओं के दौरान छत्तीसगढ़ी और स्थानीय मातृभाषाओं की गरिमा तथा सांस्कृतिक परंपराओं का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा प्रतिदिन की गतिविधियों, प्रतिभागियों की संख्या और विजेताओं की नामवार जानकारी निर्धारित प्रारूप में संस्कृति विभाग को भेजनी होगी.
भाषाई विरासत से नई पीढ़ी को जोड़ने की पहल
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की स्थापना 14 अगस्त 2008 को हुई थी. आयोग छत्तीसगढ़ी सहित प्रदेश की स्थानीय भाषाओं और बोलियों के अनुसंधान, दस्तावेज संकलन, साहित्य सृजन, अनुवाद और प्रचार-प्रसार के लिए काम करता है. प्रशासनिक कामकाज में भी छत्तीसगढ़ी भाषा के उपयोग को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं. महतारी भाखा सम्मान सप्ताह इसी दिशा में नई पीढ़ी को अपनी भाषाई और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की पहल है.

One Response