CG Census 2027: छत्तीसगढ़ में 25 जनवरी से घर-घर पहुंचेगी टीम, 72 हजार से अधिक कर्मचारी संभालेंगे जिम्मेदारी
CG Census 2027: छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के दूसरे चरण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं. इस चरण में प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक जानकारी एकत्र की जाएगी. इसके लिए 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर सर्वेक्षण करेंगे. इससे पहले 10 से 24 जनवरी तक नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना का विकल्प दिया जाएगा. हालांकि, स्व-गणना करना पूरी तरह ऐच्छिक होगा और इसके लिए किसी तरह की अनिवार्यता नहीं रहेगी.

मंत्रालय में हुई अहम बैठक
जनगणना की तैयारियों की समीक्षा के लिए 27 नवंबर को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई. इसमें सभी जिलों के कलेक्टर, संभागायुक्त और जिला जनगणना अधिकारी शामिल हुए. मुख्य सचिव ने निर्धारित समय-सीमा में त्रुटिरहित जनगणना पूरी कराने के निर्देश दिए. साथ ही मैदानी स्तर पर निगरानी मजबूत करने, कर्मचारियों को बेहतर प्रशिक्षण देने और विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया.
72 हजार से ज्यादा कर्मचारी होंगे तैनात
जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल ने बताया कि प्रदेश के सभी 33 जिलों में जनसंख्या गणना की जाएगी. इसके तहत 14 नगर निगम, 195 नगर और 19,978 गांवों को शामिल किया गया है. इस पूरी प्रक्रिया के लिए करीब 60,682 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं. इनमें 10 प्रतिशत आरक्षित कर्मचारियों को मिलाकर 62,102 प्रगणक और 10,667 पर्यवेक्षकों की आवश्यकता होगी. यानी जनगणना के काम में 72 हजार से अधिक कर्मचारी तैनात किए जाएंगे. प्रत्येक गणना ब्लॉक में औसतन 800 लोगों की आबादी रखी जाएगी, जबकि अधिक आबादी वाले क्षेत्रों को जरूरत के अनुसार छोटे ब्लॉकों में विभाजित किया जाएगा.
जनवरी में ऑनलाइन स्व-गणना का मौका
जनगणना का दूसरा चरण पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संचालित होगा. इसके लिए 10 से 24 जनवरी 2027 तक नागरिक खुद ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे. इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे. वहीं, 1 से 5 मार्च तक एकत्र किए गए आंकड़ों का पुनरीक्षण किया जाएगा. ऑनलाइन स्व-गणना पूरी होने पर नागरिकों को एक आईडी मिलेगी, जिसे बाद में प्रगणक को देना होगा. जो लोग ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं करेंगे, उनके घर पहुंचकर कर्मचारी विवरण एकत्र करेंगे.
16 भाषाओं में मिलेगा मोबाइल एप
जनगणना के लिए विशेष मोबाइल एप तैयार किया गया है, जो 16 भाषाओं में उपलब्ध रहेगा. इसकी खास बात यह है कि इंटरनेट कनेक्शन नहीं होने पर भी ऑफलाइन जानकारी दर्ज की जा सकेगी. वहीं, जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली यानी सीएमएमएस पोर्टल के जरिए गणना ब्लॉक बनाने, कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपने, प्रशिक्षण और निगरानी का काम किया जाएगा. नागरिकों की निजी जानकारी सुरक्षित रखने के लिए पासवर्ड, ओटीपी और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल होगा. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनगणना में जुटाई गई जानकारी केवल आंकड़ों के संकलन के लिए होगी, इसका किसी प्रमाण पत्र या सरकारी योजना की पात्रता से कोई संबंध नहीं रहेगा.

प्रशिक्षण और जागरूकता अभियान पर जोर
जनगणना में तैनात कर्मचारियों को पांच चरणों में प्रशिक्षण दिया जाएगा. राष्ट्रीय प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स और जिला एवं चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है. फील्ड ट्रेनर्स को 2 से 12 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक चलेगा. इसके अलावा अपर मुख्य सचिव निहारिका बारिक ने बताया कि दिसंबर के मध्य से 28 फरवरी 2027 तक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा. ग्रामीण क्षेत्रों और बस्तर के हाट-बाजारों में भी लोगों को जनगणना की प्रक्रिया समझाई जाएगी. डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल वृषाली वराडे ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और राज्यों की विकास योजनाओं तथा नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने सही जानकारी जुटाने और भ्रामक सूचनाओं का तत्काल खंडन करने की जरूरत बताई. अधिकारियों ने प्रदेशवासियों से जनगणना में सहयोग करने की अपील की है.

One Response