CG News: मुख्यमंत्री साय से झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की मुलाकात, साझा विकास और जनजातीय सहयोग पर हुई चर्चा
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ और झारखंड के साझा विकास, जनजातीय क्षेत्रों के सशक्तीकरण और आपसी सहयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

साझा जनजातीय विरासत पर दिया जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और झारखंड सिर्फ पड़ोसी राज्य नहीं हैं, बल्कि दोनों राज्यों के बीच साझा जनजातीय विरासत, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं और लंबे समय से सामाजिक संबंध भी जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से जशपुर और झारखंड के बीच वर्षों से पारिवारिक और सांस्कृतिक जुड़ाव रहा है, जो दोनों राज्यों के रिश्तों को और मजबूत बनाता है।
सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास पर चर्चा
बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास, जनकल्याण, बेहतर समन्वय और दोनों राज्यों के अनुभवों के आदान-प्रदान को और प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार संवाद और सहयोग से विकास के नए अवसर तैयार होंगे और सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
सहयोग बढ़ाने पर सहमति
दोनों नेताओं ने विकास, जनजातीय कल्याण और प्रशासनिक समन्वय के क्षेत्र में आपसी सहयोग को मजबूत करने पर सहमति जताई। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और इसे दोनों राज्यों के बीच सहयोगात्मक संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
