CG News: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026: जशपुर में योग के जरिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी, 21 जून को रणजीता स्टेडियम में मुख्य आयोजन
CG News: आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “Yoga for Healthy Ageing” निर्धारित की गई है। इसी क्रम में जशपुर जिले को एक ऐतिहासिक पहल का हिस्सा बनने का अवसर मिल रहा है, जहां योग के माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा।

14 जून को होगा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रयास
आयुष विभाग के अनुसार 14 जून 2026 को प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किया जाएगा। इस सत्र में अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है, इस कार्यक्रम से जुड़ने के लिए इच्छुक प्रतिभागी टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीयन करा सकते हैं। व्यापक स्तर पर इसके लिए प्रचार-प्रसार किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान का हिस्सा बन सकें।
21 जून को रणजीता स्टेडियम में मुख्य आयोजन
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को जशपुर के रणजीता स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी।
योग संगम पोर्टल पर हो रहा पंजीयन
आयुष मंत्रालय द्वारा योग कार्यक्रमों के पंजीयन और दस्तावेजीकरण के लिए योग संगम पोर्टल 2026 प्रारंभ किया गया है। सभी शासकीय विभाग, शैक्षणिक संस्थान और सामाजिक संगठन अपने योग कार्यक्रम पंजीकृत कर सकते हैं तथा आयोजन के बाद विवरण और फोटोग्राफ अपलोड कर सकते हैं।
स्वस्थ जीवन की दिशा में बड़ा कदम
यह पहल न केवल योग के प्रति जागरूकता बढ़ाएगी, बल्कि स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली को भी प्रोत्साहित करेगी। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर इस राष्ट्रीय प्रयास को सफल बनाने की अपील की है।

