CG News: अंबिकापुर इंजीनियरिंग कॉलेज का नाम बदलेगा, बाबा कार्तिक उरांव के नाम पर होगा संस्थान
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बाबा कार्तिक उरांव की जन्मशताब्दी के अवसर पर एक महत्वपूर्ण घोषणा की है. मुख्यमंत्री ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअल माध्यम के जरिए सरगुजा अंचल में आयोजित समारोह में भाग लिया और बाबा कार्तिक उरांव की भव्य आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया. इस दौरान उन्होंने शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, डिगमा, अंबिकापुर का नाम बदलकर ‘अभियंता बाबा कार्तिक उरांव छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, अंबिकापुर’ करने की घोषणा की.

कॉलेज का बदलेगा नाम
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जनजातीय समाज और क्षेत्रीय सांसद की मांग को ध्यान में रखते हुए इंजीनियरिंग कॉलेज का नाम बाबा कार्तिक उरांव के नाम पर रखने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने कहा कि यह नामकरण तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने वाले युवाओं को उनके जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों से प्रेरणा देगा. बाबा कार्तिक उरांव स्वयं एक उच्च शिक्षित अभियंता थे और उन्होंने समाज के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया.

शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के लिए योगदान
मुख्यमंत्री ने बाबा कार्तिक उरांव को जनजातीय समाज का महान नेता, दूरदर्शी विचारक और अधिकारों का सजग प्रहरी बताया. उन्होंने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव ने शिक्षा के प्रसार, सामाजिक जागरूकता और जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए. उनका मानना था कि शिक्षा और संगठन के माध्यम से समाज अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ सकता है.

संसद में उठाई जनजातीय समाज की आवाज
बाबा कार्तिक उरांव ने लोकसभा सांसद के रूप में जनजातीय समुदाय से जुड़े मुद्दों और अधिकारों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया था. मुख्यमंत्री के अनुसार, उन्होंने जनजातीय समाज के संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक हितों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास किए. उनके विचार आज भी जनजातीय समाज के विकास और नई पीढ़ी को शिक्षा से जोड़ने के लिए प्रेरणादायक माने जाते हैं.

सीतापुर को फोरलेन सड़क की सौगात
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने सीतापुर क्षेत्र में सोनतराई से सूर तक लगभग 3.82 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क के निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया. इस परियोजना पर 28 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे. सड़क बनने से सीतापुर नगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में आवागमन बेहतर होने तथा व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है.

पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय भवनों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा बनाए गए विभिन्न आवासीय भवनों का भी लोकार्पण किया. इनमें उदयपुर स्थित महिला एनजीओ मेस भवन, 12 अराजपत्रित अधिकारी आवास, 12 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक आवास तथा थाना सीतापुर में 12 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक आवासीय भवन शामिल हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस अधिकारियों और जवानों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है.
जनजातीय महापुरुषों की विरासत को सहेजने पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव जैसे जननायकों के जीवन और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है. उन्होंने प्रतिमा के अनावरण को जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत के सम्मान से जुड़ा कदम बताया. कार्यक्रम में जनजातीय विकास मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज सहित अन्य जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे.


One Response