CG News: छत्तीसगढ़ में राशन कार्ड धारकों के लिए खुशखबरी, 15 अक्टूबर तक मिलेगा सितंबर और अक्टूबर का चावल
CG News: छत्तीसगढ़ के राशन कार्ड धारकों के लिए राज्य सरकार की ओर से बड़ी राहत भरी खबर आई है. सरकार ने सितंबर और अक्टूबर महीने का चावल एक साथ वितरण करने के लिए तय की गई अंतिम तारीख को आगे बढ़ा दिया है. अब कार्ड धारक 15 अक्टूबर तक उचित मूल्य दुकानों से अपना राशन प्राप्त कर सकते हैं.

पोर्टल खुला, खाद्य विभाग ने जारी किए निर्देश*
पहले दो महीने का चावल उठाने के लिए 30 सितंबर की डेडलाइन तय की गई थी, लेकिन समय पर चावल न मिलने से कई लोग परेशान हो रहे थे. समस्या को देखते हुए खाद्य विभाग ने 1 अक्टूबर से ऑनलाइन वितरण पोर्टल पुनः खोल दिया है और सभी राशन दुकानदारों को 15 अक्टूबर तक अनिवार्य रूप से दो महीने का चावल बांटने का आदेश जारी किया है.
![]()
वितरण से मना करने वाले दुकानदारों पर होगी कार्रवाई
सरकार ने स्पष्ट हिदायत दी है कि कोई भी राशन दुकान संचालक हितग्राहियों को सितंबर और अक्टूबर का चावल देने से मना नहीं कर सकता. यदि किसी दुकानदार द्वारा राशन देने से मना किया जाता है या कोई शिकायत मिलती है, तो उसके खिलाफ खाद्य विभाग द्वारा सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
आपूर्ति में देरी के चलते ‘नान’ के जिला प्रबंधक हटाए गए
नागरिक आपूर्ति निगम (नान) द्वारा समय पर सभी राशन दुकानों तक दोनों महीनों के चावल का कोटा नहीं पहुंचाया जा सका था, जिसके कारण वितरण में देरी हुई. इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने नान के जिला प्रबंधक को पद से हटा दिया है और उनकी जगह त्रिनाथ रेड्डी को नए जिला प्रबंधक की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
कोर पीडीएस के तहत किसी भी दुकान से ले सकेंगे चावल
छत्तीसगढ़ में लागू ‘कोर पीडीएस प्रणाली’ (Core PDS System) के तहत पात्र नागरिक अपने शहर या क्षेत्र की किसी भी निकटतम शासकीय राशन दुकान से अपना दो महीने का चावल प्राप्त कर सकते हैं. सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लाखों राशन कार्ड धारक परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा.


One Response