CG News: धमतरी की छात्राओं के लिए बड़ी खुशखबरी, हर साल मिलेगी ₹30 हजार छात्रवृत्ति
CG News: धमतरी जिले की छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा को लेकर बड़ी राहत की खबर है. शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अज़ीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना के प्रथम चरण के आवेदन शुरू हो गए हैं. आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है. जिला प्रशासन और उच्च शिक्षा विभाग ने पात्र छात्राओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है.

हर साल मिलेगी 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति
योजना के तहत पात्र छात्राओं को हर साल 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी. इस राशि का इस्तेमाल कॉलेज फीस, अध्ययन सामग्री और अन्य शैक्षणिक जरूरतों को पूरा करने में किया जा सकता है. पिछले शैक्षणिक सत्र में धमतरी जिले के 22 महाविद्यालयों की 827 छात्राओं को कुल 2 करोड़ 48 लाख रुपये की छात्रवृत्ति का लाभ मिला था.
कौन छात्राएं कर सकती हैं आवेदन
योजना के लिए उन छात्राओं को पात्र माना गया है, जिन्होंने 10वीं और 12वीं दोनों परीक्षाएं योजना में शामिल 19 राज्यों और 2 केंद्रशासित प्रदेशों के शासकीय स्कूल या कॉलेज से नियमित छात्रा के रूप में पास की हों. इसके साथ ही सत्र 2026-27 में भारत के किसी भी राज्य या केंद्रशासित प्रदेश के मान्यता प्राप्त शासकीय या पात्र निजी कॉलेज अथवा विश्वविद्यालय में 2 से 5 वर्ष की अवधि वाले स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में नियमित प्रवेश लिया होना जरूरी है.
प्रशासन ने कॉलेजों को दिए निर्देश
जिला प्रशासन ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों और संबंधित अधिकारियों को पात्र छात्राओं की पहचान कर उन्हें छात्रवृत्ति योजना की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं. आवेदन प्रक्रिया में छात्राओं को जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया है. प्रशासन ने छात्राओं और अभिभावकों से अपील की है कि अंतिम तारीख का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन पूरा करें.
जनवरी में फिर मिलेगा मौका
छात्रवृत्ति योजना के प्रथम चरण में आवेदन 31 अगस्त 2026 तक किए जा सकते हैं. इसके बाद दूसरा चरण 10 जनवरी 2027 से शुरू होकर 31 जनवरी 2027 तक चलेगा. योजना से जुड़ी जानकारी और सहायता के लिए अज़ीम प्रेमजी छात्रवृत्ति WhatsApp हेल्पलाइन +91 90199 60536 पर संपर्क किया जा सकता है. जिला प्रशासन ने पात्र छात्राओं से योजना का लाभ उठाकर उच्च शिक्षा का सपना पूरा करने की अपील की है.
यह भी पढ़ें : CG News: सावन सोमवार पर CM साय ने की शिव आराधना, 1,11,111 पार्थिव शिवलिंग का संकल्प


