CG News: सावन सोमवार पर CM साय ने की शिव आराधना, 1,11,111 पार्थिव शिवलिंग का संकल्प
CG News: सावन सोमवार और नागपंचमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिवार के सदस्यों के साथ अपने गृहग्राम बगिया स्थित श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचे. मुख्यमंत्री ने भगवान भोलेनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और शिवलिंग का अभिषेक किया. इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के साथ छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति की कामना की.

पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर किया पूजन
मैनी नदी के सुरम्य तट पर स्थित श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में 17 से 19 अगस्त तक तीन दिवसीय विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है. इस दौरान 1,11,111 पार्थिव शिवलिंग के निर्माण और पूजन का संकल्प लिया गया है. मुख्यमंत्री साय और कौशल्या साय ने श्रद्धालुओं के साथ अपने हाथों से पार्थिव शिवलिंग बनाए और उनका पूजन एवं अभिषेक किया. वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आया.

महादेव से प्रदेश की खुशहाली की कामना
मुख्यमंत्री ने नागपंचमी और सावन मास की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना का विशेष अवसर है और भोलेनाथ लोकमंगल एवं कल्याण के प्रतीक हैं. मुख्यमंत्री ने कामना की कि भगवान शिव की कृपा प्रदेश के प्रत्येक परिवार पर बनी रहे, किसानों के खेत-खलिहान समृद्ध हों और छत्तीसगढ़ में सुख, शांति एवं खुशहाली लगातार बढ़ती रहे.
तीन दिनों तक होंगे धार्मिक आयोजन
श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में आयोजित अनुष्ठान को लेकर बगिया और आसपास के क्षेत्रों में खास उत्साह है. बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर पार्थिव शिवलिंग का निर्माण और पूजन कर रहे हैं. 17 अगस्त को निर्माण, पूजन, अभिषेक, आरती और प्रसाद वितरण हुआ. 18 अगस्त को भी पूजन, अभिषेक और आरती होगी, जबकि 19 अगस्त को विशेष पूजन और पूर्णाहुति के साथ धार्मिक अनुष्ठान का समापन किया जाएगा.
लोकमंगल के लिए 1,11,111 शिवलिंग
इस आयोजन में 1,11,111 पार्थिव शिवलिंग के निर्माण और पूजन का संकल्प लिया गया है. श्रद्धालु सामूहिक रूप से शिवलिंग बनाकर भगवान भोलेनाथ की आराधना कर रहे हैं. इस धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और लोककल्याण की कामना की जा रही है. मैनी नदी के तट पर गूंजते वैदिक मंत्र और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच फलेश्वरनाथ मंदिर इन दिनों आस्था और शिवभक्ति का प्रमुख केंद्र बना हुआ है.
यह भी पढ़ें : CG News: धमतरी के प्राचीन नागदेव मंदिर की अनोखी मान्यता, 250 साल पुरानी विरासत से जुड़ी आस्था


