CG News: सुशासन तिहार का असर, किसान को एक महीने में मिली पावर वीडर पर सब्सिडी और ऋण पुस्तिका
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सुशासन नीति का असर अब गांवों में साफ दिखाई देने लगा है. सुशासन तिहार 2026 के तहत किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा रहा है. इसका ताजा उदाहरण सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम मड़कड़ी के किसान राशीराम आदित्य हैं, जिनकी दो प्रमुख मांगें महज एक महीने में पूरी कर दी गईं.

आधुनिक खेती के लिए मिली 15 हजार रुपए की सब्सिडी
राशीराम आदित्य ने 5 जून को आयोजित सुशासन तिहार शिविर में पावर वीडर मशीन के लिए आवेदन किया था. जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें 52 हजार रुपए कीमत की पावर वीडर मशीन पर 15 हजार रुपए का शासकीय अनुदान उपलब्ध कराया. मशीन मिलने से अब खेतों की निंदाई-गुड़ाई कम समय, कम लागत और कम मेहनत में हो सकेगी. इससे खेती की उत्पादकता बढ़ने की भी उम्मीद है.
राजस्व विभाग ने जारी की ऋण पुस्तिका
किसान ने शिविर में ऋण पुस्तिका बनवाने के लिए भी आवेदन दिया था. राजस्व विभाग ने आवेदन का जल्द निराकरण करते हुए उन्हें ऋण पुस्तिका सौंप दी. अब राशीराम आसानी से बैंक ऋण ले सकेंगे और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी उठा पाएंगे.
किसान ने जताया सरकार का आभार
दोनों समस्याओं का एक साथ समाधान मिलने पर राशीराम आदित्य ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार छोटे किसानों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है. अधिकारियों ने संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्याओं का समाधान किया, जिससे खेती का काम पहले से आसान हो गया है.
ग्रामीणों तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ
कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार पात्र किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ लगातार पहुंचाया जा रहा है. राशीराम आदित्य की सफलता इस बात का उदाहरण है कि छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का तेज, सरल और पारदर्शी तरीके से समाधान किया जा रहा है.

