CG News : एचपीवी टीकाकरण में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही बना नंबर-1, सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में बड़ी उपलब्धि
CG News : छत्तीसगढ़ में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए चलाए जा रहे विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। 17 जुलाई को आयोजित विशेष टीकाकरण दिवस पर जिले ने सबसे अधिक पात्र बालिकाओं का टीकाकरण कर नई उपलब्धि दर्ज की। स्वास्थ्य विभाग ने इसे राज्य सरकार की प्रभावी स्वास्थ्य नीति, मजबूत कार्ययोजना और जनजागरूकता अभियान का परिणाम बताया है।

हजारों बालिकाओं को मिला सुरक्षा कवच
13 से 18 जुलाई तक चल रहे विशेष एचपीवी टीकाकरण सप्ताह के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को वैक्सीन लगाई जा रही है। जिले को 3,893 बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य मिला है। विशेष टीकाकरण दिवस पर 74 विद्यालयों में चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्य अमले की मौजूदगी में व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 809 बालिकाओं का ऑनलाइन और 1,100 बालिकाओं का ऑफलाइन पंजीकरण एवं टीकाकरण किया गया। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग के समन्वय से अभियान को सफलतापूर्वक संचालित किया गया।
स्वास्थ्य जागरूकता पर भी फोकस
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि विद्यालय आधारित इस अभियान के माध्यम से केवल टीकाकरण ही नहीं, बल्कि बालिकाओं और उनके अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और टीकाकरण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य किशोरियों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित भविष्य देना और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना है। अधिकारियों का कहना है कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए प्रेरणादायक है।



